शीतला चौकियां धाम में छठ पूजा की तैयारियां तेज
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी ने किया निरीक्षण
चौकियां धाम, जौनपुर। लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा को लेकर शीतला चौकियां धाम में स्थित पवित्र कुण्ड की साफ—सफाई करके जलकल से सीढ़ियों पर 3 से 4 फीट के बीच पानी भरा गया है जिससे महिलाएं पवित्र कुण्ड में खड़ी होकर भगवान सूर्यदेव को अर्घ दे सके। पवित्र कुण्ड सीढ़ियों की साफ—सफाई पालिकाकर्मियों द्वारा किया गया। इस मौके पर समाजसेविका लालमनी मलिन ने बताया कि 4 दिवसीय छठ पूजा महापर्व 13 नवम्बर से 16 नवम्बर तक मनाया जायेगा। यह पर्व कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को विशेष रूप से मनाया जाता है। इसी क्रम में 13 नवम्बर शुक्रवार की सुबह वर्ती महिलाएं वेदी बनाकर नहाय-खाय से प्रारम्भ करेंगी। बता दें कि 14 नवम्बर दिन शनिवार को खरना होगा। 15 नवम्बर दिन रविवार की संध्या को अर्घ्य दिया जायेगा। (व्रती महिलाएं डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगी)। 16 नवम्बर दिन सोमवार उषा अर्घ्य (उगते सूर्य को अर्घ्य) और व्रत का पारण किया जायेगा। पवित्र कुण्ड में हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहेंगे। सुरक्षा की दृष्टि से महिला पुरूष पुलिसकर्मी मौजूद रहेंगे। नगर पालिका परिषद जौनपुर के अधिशासी अधिकारी धर्मराज राम ने गुरूवार को अपनी टीम के साथ चौकियां धाम के पीछे तालाब पर हो रही सफाई कार्य का निरीक्षण किया। साथ ही मातहतों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया।

