केपी यादव के समर्थकों की पिटाई प्रकरण पर मुलायम हुये गम्भीर
https://www.shirazehind.com/2013/12/blog-post_7729.html
कहा- गुण्डई करने वाले लोगों को पार्टी से निकाल दिया जायेगाजौनपुर। जौनपुर संसदीय सीट से समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रत्याशी डा. केपी यादव के समर्थकों के साथ सूबे के कैबिनेट मंत्री के पुत्र द्वारा मारपीट किये जाने का मामला दिनोंदिन तूल पकड़ता जा रहा है, क्योंकि बीते शनिवार को हुई इस घटना को लेकर जहां एक ओर पीटे गये समर्थकों में से एक महावीर यादव ने नगर के लाइन बाजार थाने में कैबिनेट मंत्री पारसनाथ यादव, उनके पुत्र लकी यादव सहित 35 लोगों के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज करने की लिखित तहरीर दिया, वहीं सोमवार को पार्टी सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव ने राजधानी से ही यह कह दिया कि पार्टी कार्यकर्ता यदि कहीं किसी के साथ गुण्डई करते हैं तो उन्हें पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया जायेगा। चाहे वह कार्यकर्ता हो या किसी विधायक/मंत्री के परिवार का सदस्य। श्री यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं को गुण्डई से बाज आने की सख्त हिदायत देते हुये ऐसा करने वालों को पार्टी से निकालने की चेतावनी दी। उत्तर प्रदेश सरकार के औद्यानिकी मंत्री पारसनाथ यादव के बेटे लकी यादव द्वारा कथित तौर पर गुण्डागर्दी किये जाने पर तल्ख टिप्पणी करते हुये सपा सुप्रीमो ने कहा कि सपा कार्यकर्ताओं के बारे में शिकायत मिलती है कि वे गुण्डई करते हैं। यदि मंत्री के परिवार का लड़का गुण्डई करेगा तो हमारी एवं पार्टी की छवि खराब होगी। यदि कहीं खबर मिली कि फलां जगह गुण्डई हुई है तो ऐसे लोगों को पार्टी से निकाल दिया जायेगा। आरोप है कि जौनपुर लोकसभा सीट के प्रत्याशी कैबिनेट मंत्री पारसनाथ यादव के पुत्र लकी यादव ने इस सीट के लिये पूर्व में घोषित प्रत्याशी पूर्व मंत्री डा. केपी यादव के समर्थकों के साथ मारपीट किया था जिसमें महावीर यादव सहित कई लोगों को चोटें भी आयी थीं। इसको लेकर जनपद के अलावा अन्य जगहों पर जोरदार चर्चा है जिससे आक्रोशित होकर आज सपा मुखिया श्री यादव ने कहा कि गुण्डागर्दी करने वाले लोग पार्टी का नुकसान कर रहे हैं। इस तरह से पार्टी नहीं चल पायेगी। किसी का बाप यदि मंत्री है तो इसका मतलब यह नहीं है कि वह गुण्डई करेगा। ऐसे लोगों को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया जायेगा। इधर पीटे महावीर यादव ने नगर के लाइन बाजार थाने में बीते रविवार को कैबिनेट मंत्री पारसनाथ यादव, उनके पुत्र लकी यादव के अलावा 35 लोगों के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज करने के लिये लिखित तहरीर दे दिया है जिस पर पुलिसिया छानबीन भी करायी जा रही है। बक्शा थाना क्षेत्र के विशेषरपुर गांव निवासी एवं मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के जिला महासचिव महावीर का आरोप है कि जौनपुर लोस क्षेत्र के पार्टी पर्यवेक्षक जगदीश यादव से वे स्थानीय डाक बंगले में मिलने गये थे जहां अपने सहयोगी कार्यकर्ता शिवजीत यादव व लक्ष्मीकांत यादव के साथ पार्टी सम्बन्धी बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान मंत्री पारसनाथ यादव, उनके पुत्र लकी यादव लगभग 35 लोगों के साथ गाली-गलौज करते हुये मारने-पीटने लगे। इतना ही नहीं, उन लोगों ने असलहे लहराकर जान से मारने की धमकी भी दिया। हालांकि आज तक प्राथमिकी नहीं दर्ज हो सकी थी।
