सड़क हादसों में शिक्षक समेत तीन की मौत
https://www.shirazehind.com/2014/05/blog-post_740.html
जौनपुर : मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र जयरामपुर गांव के समीप बुधवार की रात अज्ञात वाहन के धक्के से मोटर साइकिल सवार दो युवकों की मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में शिक्षक की मौत हो गई और छह लोग घायल हो गए।
नेवढि़या थाना क्षेत्र के दीपापुर गांव निवासी चंद्रभान गुप्ता के यहां मछलीशहर क्षेत्र के कोटवा गांव में बरात गई थी। रात को समारोह में शामिल होकर नेवढि़या क्षेत्र के बोधीपुर निवासी अब्दुल खालिद पुत्र बरकत अली अपने दोस्तों अतुल मिश्र (21)पुत्र दिनेश मिश्र निवासी दीपापुर व बोधीपुर कोइरान निवासी अनीष (18) पुत्र मकबूल को मोटर साइकिल पर बैठाकर घर लौट रहा था। मड़ियाहूं क्षेत्र के जयरामपुर गांव के पास किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दिया। टक्कर में अतुल मिश्र व अनीष की घटनास्थल पर ही मौत हो गई तथा मोटर साइकिल चला रहा अब्दुल खालिद घायल हो गया। एक साथ हुई दो मौतों से जहां कोहराम मचा है वहीं नेवढि़या व मड़ियाहूं पुलिस को घटना की जानकारी ही नहीं है।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर बदलापुर के धनियामऊ पुल के समीप रोडवेज बस के धक्के से श्री बजरंग आईटीआइ कालेज घनश्यामपुर के शिक्षक अतुल पांडेय की मौत हो गई जबकि साथी लक्षिराम कन्नौजिया निवासी ओदरा अंबेडकर घायल हो गए। दूसरी घटना में कड़ेरेपुर गांव के समीप दो मोटर साइकिलों की टक्कर में राधेश्याम मिश्र (65) निवासी ब्राह्मणपुर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सरपतहां क्षेत्र के रुधौली मोड़ पर अंबेसडर के धक्के से मोटर साइकिल सवार रामबोध की पत्नी किसलौता घायल हो गई।
