चोरियों का खुलासा न होने से दहशत
https://www.shirazehind.com/2018/03/blog-post_584.html?m=0
जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के धर्मापुर बाजार में दो वर्ष से हो रही चोरियों तथा पुलिस द्वारा आज तक एक भी चोरी का पर्दाफाश न करने से दुकानदारों में दहशत का माहौल है। पुलिस की उक्त कार्य प्रणाली से आजिज आकर े धर्मापुर बाजार के दुकानदारों ने सरैंया मोड़ पर एक बैठक की। बैठक में मेडिकल स्टोर संचालक सूर्यभान सिंह व चंद्रशेखर निषाद ने कहा कि इस बाजार में विगत दो साल से ज्यादा चोरियां हो रही है। धर्मापुर बाजार का दक्षिण भाग जफराबाद व उत्तर भाग गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र में पड़ता है और दोनों थाने इस बाजार से काफी दूर पड़ते हैं, जिससे कोई भी घटना होने के बाद पुलिस को पहुंचने में समय लगता है। इलेक्ट्रॉनिक दुकान के मालिक आदित्य तिवारी व धर्मेंद्र विश्वकर्मा ने कहा कि यदि बाजार के मध्य पुलिस चैकी बन जाती तो इन चोरियों पर जरूर अंकुश लग सकता है। सभी व्यापारी व दुकानदारों ने एक स्वर में पुलिस विभाग के उच्च अधिकारियों से यह मांग किया है कि इस बाजार में पुलिस चैकी स्थापित की जाय। बैठक में आदित्य नारायण तिवारी, चंदू सिंह, सूर्यभान सिंह, चंद्रशेखर निषाद, श्री चंद मौर्य, सिकंदर यादव, दीन नाथ गुप्ता, मनोज मौर्य, अजय सेठ, पाँचू, सर्वेश गुप्ता, धर्मेंद्र यादव, अमर निषाद, प्रेम जायसवाल आदि उपस्थित रहे।
