ट्रेन रोकने जा रहे कांग्रेसियों की पुलिस से हुई नोक-झोंक
https://www.shirazehind.com/2018/10/blog-post_744.html
जौनपुर। श्रीकृष्णनगर रेलवे स्टेशन पर सछ्वावना व मरुधर एक्सप्रेस
ट्रेनों की ठहराव की मांग को लेकर कांग्रेसियों ने शुक्रवार को स्टेशन
परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान फरक्का एक्सप्रेस रोकने जा रहे
कांग्रेसियों की पुलिस से नोक-झोंक हो गई। 15 दिन के भीतर समस्या का समाधान
नहीं होने पर रेल रोको आंदोलन की चेतावनी दी गई है। धरने का नेतृत्व
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता इंद्रमणि दुबे ने किया। कहा कि लंबे समय से
श्रीकृष्णनगर रेलवे स्टेशन पर सद्भावना व मरुधर एक्सप्रेस ट्रेन के ठहराव
की मांग पूरी नहीं हो सकी है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियां का सामना
करना पड़ रहा है। फरक्का एक्सप्रेस को रोकने के लिए जैसे ही कार्यकर्ता
प्लेटफार्म दो की तरफ बढ़े वैसे ही आरपीएफ व जीआरपी ने उन्हें रोक लिया,
जिससे कार्यकर्ताओं व पुलिस में नोक-झोंक भी हुई। मांगों संबंधित ज्ञापन
रेलवे प्रशासन को सौंपा गया। दो सप्ताह के भीतर समस्या का समाधान नहीं होने
पर रेल रोको आंदोलन की चेतावनी दी गई है। अध्यक्षता जया दुबे व संचालन डा.
रमेश विन्द ने किया। मुंशीरजा, विवेक यादव, सुरेंद्र शर्मा, महेश
उपाध्याय,भवनेश मिश्र, पंकज शर्मा, महात्मा शुक्ल, योगेश गौतम, बाबूराम
यादव आदि उपस्थित रहे।

