शिक्षक पात्रता परीक्षा की अनिवार्यता के विरोध में शिक्षकों का मशाल जुलूस

 

जौनपुर। शिक्षक पात्रता परीक्षा की अनिवार्यता के विरोध में यूनाइटेड टीचर एसोसिएशन (यूटा) के जिलाध्यक्ष संजय सिंह के नेतृत्व में गुरुवार को शिक्षकों ने मशाल जुलूस निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। जुलूस में सैकड़ों शिक्षकों ने भाग लेकर सरकार से पुराने शिक्षकों को शिक्षक पात्रता परीक्षा की अनिवार्यता से मुक्त करने की मांग उठाई।

मशाल जुलूस रोडवेज तिराहा जौनपुर से शुरू होकर शहीद स्तंभ कलेक्ट्रेट परिसर जौनपुर पर जाकर समाप्त हुआ। इस दौरान शिक्षकों ने शिक्षा का अधिकार अधिनियम से शिक्षक पात्रता परीक्षा की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग को लेकर प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।

जुलूस के दौरान शिक्षकों ने हाथों में मशाल और बैनर लेकर नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को प्रमुखता से उठाया। जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि अनुभव का कोई विकल्प नहीं होता और वर्षों से सेवा दे रहे शिक्षकों पर शिक्षक पात्रता परीक्षा की अनिवार्यता थोपना उनकी योग्यता पर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। उन्होंने कहा कि जिन शिक्षकों ने विपरीत परिस्थितियों में भी शिक्षा व्यवस्था को मजबूत किया है, उनकी योग्यता को केवल एक परीक्षा के आधार पर परखना उचित नहीं है।

जिला मंत्री लक्ष्मी नारायण तिवारी ने कहा कि नियुक्ति के समय जो योग्यताएं लागू थीं, उसके बाद सेवा के दौरान नए नियम लागू करना प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के विरुद्ध है। वरिष्ठ उपाध्यक्ष चंद्रेश यादव ने कहा कि 10 से 15 वर्षों से बेसिक शिक्षा की नींव मजबूत करने वाले शिक्षकों को मानसिक तनाव में डालना उचित नहीं है।

जिला कोषाध्यक्ष डॉ. आशीष सिंह ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए शिक्षकों को तनाव नहीं बल्कि सहयोग की आवश्यकता है। उन्होंने सरकार से मांग की कि पुराने शिक्षकों को शिक्षक पात्रता परीक्षा की अनिवार्यता से तत्काल मुक्त किया जाए और उनके भविष्य के साथ हो रहे अन्याय को रोका जाए।

मशाल जुलूस का संचालन डॉ. प्रदीप सिंह ने किया। इस दौरान राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष उपेन्द्र प्रताप सिंह, शिक्षक नेता आनंद सिंह सहित विभिन्न शिक्षक संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।

Related

डाक्टर 8758467793276712941

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item