नए शैक्षिक सत्र का भव्य आगाज़, आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा विद्यार्थियों का भविष्य: डॉ प्रमोद श्रीवास्तव

 

जौनपुर। बंशीधर राष्ट्रीय पाठशाला (बी०आर०पी०) इंटर कॉलेज, जौनपुर में नए शैक्षिक सत्र का शुभारंभ उत्साह और गरिमा के साथ किया गया। पूरे विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया, जहां छात्र-छात्राओं का रोली, चंदन एवं पुष्प वर्षा के साथ आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए धार्मिक अनुष्ठान भी आयोजित किए।

विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. प्रमोद कुमार श्रीवास्तव ने इस अवसर पर कहा कि विद्यालय निरंतर शैक्षिक गुणवत्ता, अनुशासन और आधुनिक संसाधनों के विकास की दिशा में अग्रसर है। उन्होंने बताया कि बीते वर्ष अंग्रेजी माध्यम की कक्षाओं की शुरुआत की गई थी, जिसे इस सत्र में और विस्तार देते हुए कक्षा 6, 7, 8, 9 एवं 11 (कॉमर्स व साइंस) में भी लागू किया जा रहा है। इन कक्षाओं का संचालन अनुभवी एवं योग्य शिक्षकों द्वारा किया जाएगा।

प्रिंसिपल ने विशेष घोषणा करते हुए बताया कि अंग्रेजी माध्यम के विद्यार्थियों के लिए कॉन्वेंट शैली में एक अलग ब्लॉक विकसित किया जा रहा है, जहां अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ उच्च स्तरीय शिक्षा न्यूनतम शुल्क पर उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि विद्यालय में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट स्तर की प्रयोगशालाएं (जीवविज्ञान, भौतिक विज्ञान एवं रसायन विज्ञान) नियमित रूप से संचालित हो रही हैं, जिससे छात्रों को गुणवत्तापूर्ण प्रायोगिक शिक्षा मिल रही है।

डॉ. श्रीवास्तव ने आगे बताया कि विद्यालय में स्मार्ट क्लासेस के माध्यम से डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा दिया जा रहा है, वहीं कंप्यूटर शिक्षा की भी सुदृढ़ व्यवस्था की गई है। छात्रों के व्यक्तित्व विकास के लिए मोटिवेशनल कक्षाओं का संचालन भी किया जा रहा है। भाषा दक्षता को सुदृढ़ करने के लिए कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए प्रति सप्ताह हिंदी एवं अंग्रेजी की विशेष कक्षाएं अनिवार्य की गई हैं, जिनमें उच्चारण, भाषा ज्ञान एवं त्रुटि सुधार पर विशेष ध्यान दिया जाता है।

उन्होंने बताया कि विद्यालय में अनुशासन और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए छात्रों की दैनिक उपस्थिति की सूचना ऑनलाइन माध्यम से अभिभावकों तक पहुंचाई जाती है। इसके अलावा, छात्र-छात्राएं विज्ञान मॉडल, खेलकूद, वाद-विवाद, निबंध, पोस्टर आदि प्रतियोगिताओं में जिला, प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं। विद्यालय में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिताओं का भी नियमित आयोजन किया जाता है, जिससे छात्रों के सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहन मिलता है।

अंत में प्रधानाचार्य ने अभिभावकों, पत्रकारों एवं समाज के सभी वर्गों से सहयोग की अपेक्षा जताते हुए कहा कि विद्यालय का उद्देश्य न्यूनतम शुल्क में उच्च गुणवत्ता की शिक्षा प्रदान करना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी के सहयोग से विद्यालय नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।

Related

डाक्टर 2208647468817953667

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item