शिक्षकों की समस्याओं पर मंथन, संगठन को मजबूत बनाने की बनी रणनीति
जौनपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (नवीन) की जिला इकाई की एक महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को रोडवेज स्थित कैंप कार्यालय पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. चंद्र सेन की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं, नए शैक्षणिक सत्र में संगठन की मजबूती के लिए सदस्यता अभियान तथा आगामी 14 अप्रैल को डॉ. बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर जयंती के आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान शिक्षकों की प्रमुख समस्याओं को उठाते हुए मांग की गई कि एनपीएस से ओपीएस में शामिल हुए शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के वेतन से एनपीएस मद में की गई समस्त कटौती को उनके जीपीएफ खातों में स्थानांतरित किया जाए। इसके साथ ही जनपद के विभिन्न विद्यालयों में चयन एवं प्रोन्नति वेतनमान से जुड़े लंबित देयकों का शीघ्र निस्तारण, कार्यवाहक प्रधानाचार्यों को पूर्ण प्रधानाचार्य की सेवा शर्तों में शामिल करने तथा मार्च माह के लंबित वेतन का जल्द भुगतान कराने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।
शिक्षकों ने यह भी मांग की कि एनपीएस कटौती को संबंधित प्राण खातों में अद्यतन किया जाए तथा मानव संपदा पोर्टल पर सेवा पुस्तिका, चिकित्सा अवकाश एवं उपार्जित अवकाश का शीघ्र अपडेट सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत व प्रभावशाली बनाने के लिए नए शैक्षणिक सत्र में व्यापक सदस्यता अभियान चलाने की रणनीति तय की गई।
इस अवसर पर प्रांतीय अध्यक्ष धर्मेंद्र यादव ने कहा कि शिक्षकों के अधिकारों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संगठन का मजबूत होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों से संगठन से सक्रिय रूप से जुड़ने का आह्वान करते हुए नए सत्र की शुभकामनाएं दीं।
कार्यकारी जिलाध्यक्ष रितेश कुमार ने भी नए सत्र में प्रत्येक विद्यालय के अधिक से अधिक शिक्षकों को संगठन से जोड़ने की अपील की। अध्यक्षता कर रहे डॉ. चंद्र सेन ने 14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती के अवसर पर राजा डीएम शिया इंटर कॉलेज, जौनपुर में आयोजित कार्यक्रम में अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने पर बल दिया।
बैठक में प्रांतीय अध्यक्ष धर्मेंद्र यादव, कमल नयन, शैलेंद्र कुमार, जिला संगठन मंत्री डॉ. नागेंद्र प्रसाद यादव, जिला उपाध्यक्ष हौशिला प्रसाद पाल, डॉ. जी.एन. सिंह शाक्य, डॉ. छोटे लाल यादव, राम केवल यादव, अनिल कुमार सिंह, विनोद कुमार, जिला कोषाध्यक्ष रामनारायण बिंद, मोहम्मद मारूफ, सैयद वसी अहमद, सैयद जुहैब हसन, मुजम्मिल हसन, सैयद जमीरुल हसन एवं सैयद जमाल हैदर सहित कई शिक्षक पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विनय सरोज ने किया।

