51 किलो की पुष्पमाला से बीएसए डॉ. गोरखनाथ पटेल को दी गई भावभीनी विदाई

जौनपुर। जनपद जौनपुर के लोकप्रिय, कर्मठ एवं नवाचारों के पर्याय रहे जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल के स्थानांतरण पर शिक्षकों और शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने उन्हें अभूतपूर्व सम्मान देते हुए भावभीनी विदाई दी। लगभग चार वर्ष दस माह के स्वर्णिम कार्यकाल के दौरान बेसिक शिक्षा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाले डॉ. पटेल को शासन द्वारा जनपद सीतापुर का जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नियुक्त किए जाने पर रविवार को डायट जौनपुर के सभागार में भव्य विदाई समारोह आयोजित किया गया।

समारोह में स्वप्रेरित शिक्षक समूह एड्यूस्टफ उत्तर प्रदेश, जौनपुर की ओर से ऐसा सम्मान दिया गया, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर लिया। समूह की संस्थापक एवं राज्य अध्यापक पुरस्कार सहित अनेक राज्य और राष्ट्रीय स्तर के सम्मानों से सम्मानित शिक्षिका श्रीमती प्रीति श्रीवास्तव के नेतृत्व में शिक्षकों ने डॉ. पटेल को 51 किलो वजनी भव्य पुष्पमाला पहनाकर उनका अभिनंदन किया।

इस अवसर पर टीम एड्यूस्टफ के जनपद एडमिन डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव, श्रीमती यामिनी सिंह, श्रीमती संध्या सिंह, श्रीमती ज्योति श्रीवास्तव तथा जनपद सीतापुर के एडमिन एवं एसआरजी डॉ. मदनेश मिश्र सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। सभी ने अंगवस्त्रम् ओढ़ाकर, पुष्पगुच्छ भेंट कर तथा मां सरस्वती एवं भगवान श्री गणेश की श्वेत संगमरमर की सुंदर प्रतिमाएं भेंट कर अपने प्रिय अधिकारी के प्रति सम्मान और स्नेह व्यक्त किया।

वक्ताओं ने कहा कि डॉ. गोरखनाथ पटेल के नेतृत्व में जौनपुर की बेसिक शिक्षा ने नवाचार, गुणवत्ता और उत्कृष्ट शैक्षिक गतिविधियों के क्षेत्र में प्रदेश स्तर पर विशिष्ट पहचान बनाई। उनके मार्गदर्शन में शिक्षकों को नई सोच, नई ऊर्जा और शिक्षा में प्रयोगधर्मिता को बढ़ावा मिला, जिसके परिणामस्वरूप जौनपुर का नाम प्रदेश के अग्रणी जिलों में शुमार हुआ।

विदाई समारोह के दौरान कई शिक्षक भावुक दिखाई दिए। उपस्थित शिक्षकों ने कहा कि डॉ. पटेल केवल एक प्रशासनिक अधिकारी नहीं बल्कि शिक्षकों के मार्गदर्शक, प्रेरणास्रोत और शिक्षा सुधार के सशक्त हस्ताक्षर रहे हैं। उनके कार्यकाल की उपलब्धियां लंबे समय तक याद की जाएंगी।

समारोह का वातावरण सम्मान, आत्मीयता और भावनाओं से सराबोर रहा। शिक्षकों ने उनके उज्ज्वल भविष्य एवं सीतापुर में भी शिक्षा के नए कीर्तिमान स्थापित करने की शुभकामनाएं देते हुए नम आंखों से विदाई दी।

Related

डाक्टर 5815360181233608336

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item