पुलिस भर्ती को लेकर डीएम—एसपी ने की तैयारी बैठक
https://www.shirazehind.com/2026/06/blog-post_589.html
जौनपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा 8, 9 एवं 10 जून को प्रतिदिवस दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली पूर्वाह्न 10 बजे से मध्यान्ह 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 3 बजे से सायं 5 बजे तक संपन्न होगी।परीक्षा को सकुशल, पारदर्शी एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराए जाने हेतु जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षा से संबंधित समस्त तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। जनपद में कुल 21 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा की निगरानी एवं व्यवस्थाओं हेतु 21 केंद्र व्यवस्थापक, 21 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 21 स्टैटिक मजिस्ट्रेट सहित कुल लगभग 1200 कार्मिकों की ड्यूटी लगाई गई है। जनपद में निर्धारित कुल 6 पालियों में 56,880 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने एआरएम रोडवेज को पर्याप्त बसों की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा इस संबंध में रूट चार्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिये।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी को परीक्षा केंद्रों पर ओआरएस सहित अन्य आवश्यक चिकित्सीय व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिशासी अधिकारियों को परीक्षार्थियों की सुविधा हेतु आवश्यकतानुसार शेल्टर होम की व्यवस्था करने को कहा गया। पुलिस विभाग को निर्देशित किया गया कि कोचिंग सेंटर संचालकों एवं संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाए। विद्युत विभाग के अधिकारियों को भी सख्त निर्देश दिए गए कि 8, 9 एवं 10 जून को किसी प्रकार का अनावश्यक शटडाउन न किया जाय।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन इस परीक्षा को संवेदनशीलता के साथ शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं नकलविहीन तरीके से संपन्न कराने के लिए पूर्णतः कटिबद्ध है। पुलिस प्रशासन एवं जिला प्रशासन आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए मुख्यमंत्री जी की मंशानुरूप परीक्षा को सकुशल संपन्न करायेंगे। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अनुपम सिंह, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश सिंह सह जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

