गोमती-सई संगम पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, हजारों ने लगाई आस्था की डुबकी
राजेपुर के संगम तट पर स्नान-दान के बाद श्रद्धालुओं ने किया रामेश्वरम महादेव का दर्शन-पूजन, मेले में खूब हुई खरीदारी
जफराबाद, जौनपुर। सिरकोनी विकासखंड के राजेपुर गांव स्थित गोमती और सई नदी के पवित्र संगम स्थल पर मंगलवार को आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। हजारों श्रद्धालुओं ने संगम में पुण्य स्नान कर रामेश्वरम महादेव का दर्शन-पूजन किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार अन्न, वस्त्र एवं धन का दान भी किया।
भोर होते ही संगम तट पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। सुबह से ही महिला, पुरुष और बच्चों ने संगम में स्नान कर भगवान भोलेनाथ के दरबार में मत्था टेका। दिन चढ़ने के साथ ही श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती गई और दोपहर तक पूरा मेला क्षेत्र लोगों से गुलजार हो उठा। संगम तट पर हर तरफ हर-हर महादेव के जयकारे और भक्ति का माहौल दिखाई दिया।
धार्मिक आयोजन के साथ ही मेले में खरीदारी का भी खूब उत्साह देखने को मिला। पुरुषों ने यहां की मशहूर रेवड़ा की जमकर खरीदारी की तो महिलाओं ने श्रृंगार प्रसाधन की दुकानों पर पसंद के सामान खरीदे। वहीं बच्चों में खिलौनों को लेकर खास उत्साह रहा। मेले में लगे झूलों और चरखों का बच्चों के साथ महिलाओं ने भी भरपूर आनंद उठाया।
मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मेला क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। थाना प्रभारी शिवशंकर सिसोदिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए लगातार भ्रमण करते रहे, जिससे मेला शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

