डेढ़ वर्ष पूर्व कातिलों ने रिशू की मांग उजाड़ दी , आज आग ने छीन लिया आजीविका का सहारा
http://www.shirazehind.com/2022/03/blog-post_294.html
जौनपुर। खुटहन थाना क्षेत्र के तिघरा गांव की निवासी रिशू नामक महिला अपने भाग्य को कोस रही है। डेढ़ वर्ष पूर्व कातिलों ने पति को मौत के घाट उतार कर मांग उजाड़ दी। तीन बच्चों का मुंह देखते हुए कलेजे पर पत्थर रख लिया। उनका पेट भरने और भविष्य संवारने के लिए घर में ही किराना की दुकान खोली। इसके साथ ही ब्यूटी पार्लर भी खोल लिया। धीरे-धीरे सब कुछ सामान्य होने लगा था, लेकिन फिर न जाने किसकी नजर लग गई।
मंगलवार की भोर में शार्ट सर्किट से लगी आग ने दुकान व ब्यूटी पार्लर ही नहीं पूरी गृहस्थी खाक कर दी।
25 जुलाई 2020 को पहली बार रिशू तब कहर टूटा जब उनके पति 38 वर्षीय अशोक अग्रवाल उर्फ दीपक की हत्या कर दी गई। अशोक का शव महमदपुर गांव में उनके बोलेरो वाहन में मिला था। उनकी हत्या सिर पर राड से प्रहार कर की गई थी। मांग सूनी हो जाने के सदमे से कुछ हद तक उबरने के बाद रिशू ने बाजार स्थित अपने मकान में ब्यूटी पार्लर व किराना की दुकान खोल ली। दुकानों से होने वाली कमाई से अपने तीन बच्चों सात वर्षीय आदर्श, छह वर्षीय आरुषि व पांच वर्षीय मंगला का पालन-पोषण कर रही थीं। अब रिशू के सामने बच्चों को पढ़ा-लिखाकर उनका भविष्य संवारने की बजाय दो जून की रोटी की समस्या आ खड़ी हुई है।