निर्माणाधीन नाले की दीवार धरासाई,मलबे में दबे मिस्त्री व मजदूर घायल
https://www.shirazehind.com/2022/05/blog-post_973.html
खुटहन(जौनपुर) बीरी समुसुद्दीनपुर गॉव में रविवार की सुबह निर्माणाधीन नाले के दीवार प्लास्टर करते समय अचानक भरभराकर धरासायी हो गयी।जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई। मलबे में दबकर एक मिस्त्री तथा एक मजदूर घायल हो गए। चीख पुकार सुन मौके पर पहुचे ग्रामीण व अन्य कामगारों ने मलबे में दबे कामगारों को मिट्टी हटाकर किसी तरह बाहर निकाल स्थानीय सीएचसी पर भर्ती कराया कराया गया। जहां बेहतर उपचार हेतु घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान द्वारा नाले में घटिया निर्माण सामग्री का प्रयोग किया जा रहा था। जिस वजह से इतना बड़ा हादसा हो गया।
उल्लेखनीय है कि उक्त गॉव के राजभर बस्ती की पुलिया से सोमवा तालाब तक करीब सवा सौ मीटर लम्बे, एक मीटर चौड़े तथा डेढ़ मीटर गहराई के पक्के नाले का निर्माण कार्य करीब 25 दिन से ग्राम प्रधान करवा रहे थे। बताते है कि रविवार की सुबह जुटे राजगीर व मजदूरों ने नाले में उतरकर ईंट चुनाई एवं प्लास्टर का कार्य करना शुरू किया। कुछ ही देर के बाद रामदास के घर के सामने लगभग 20 मीटर निर्माणाधीन पक्का नाला अचानक धरासायी होकर खोदे गये गड्ढे में गिर गया। मलबे में बेगराजपुर निवासी राजगीर चन्दन पुत्र मगन तथा बीरी गॉव के मजदूर सेवक राजभर पुत्र जियालाल दब गए।
मौके पर चीख पुकार मच गई। शोरगुल की आवाज सुन मौके पर पहुचे ग्रामीणों तथा कामगारों ने मलबे में दबे दोनों घायलों को मिट्टी हटाकर बाहर निकाला तथा फौरन स्थानीय सीएचसी पर भर्ती करवाया। जहां दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उधर, दुर्घटना के बाद पूर्व प्रधान श्रवण उपाध्याय ने अपने समर्थकों के साथ वर्तमान प्रधान पर बड़ा आरोप लगाया कि बिना इस्टीमेट के पक्के नाले के निर्माण कराया जा रहा था और उसमें घटिया निर्माण सामग्री का प्रयोगकर खूब भ्रष्टाचार किया गया है। जिस वजह से इतना बड़ा हादसा हुआ। उन्होंने प्रधान द्वारा नाले के निर्माण में किये गए भ्र्ष्टाचार की प्रशासन से जाँच की मांग की। प्रधान लाल बहादुर राजभर का कहना है कि दीवार में लगा मसाला पकने से पूर्व ही इसे अराजकतत्वों तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। जिसे मिस्त्री भी समझ नही पाए। कमजोर हुई दीवार प्लास्टर के समय ढह गई। मामले की तहरीर थाने में देकर घटना की जांच करायी जाएगी।