
जौनपुर। विश्व हिन्दू परिषद, बजरंग दल सहित अन्य हिन्दूवादी संगठनों ने शनिवार को शौर्य दिवस मनाया जिसके उपलक्ष्य में श्रीराम जानकी मंदिर मठ गूलरघाट पर विश्व शांति के लिये आयोजन हुआ जहां मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्रीराम का पूजन करके विजय महामंत्र का जाप भी किया गया। मठ-मंदिर प्रमुख श्री फलाहारी महाराज की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित हिन्दूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने विश्व शांति हेतु श्रीराम विजय महामंत्र का जाप करने के साथ ही भजन-कीर्तन भी किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने रामचन्द्र जी का स्मरण करते हुये सभी ने भारत माता की अस्मिता, भारतीय, सभ्यता, धर्म, संस्कृति, मठ, मंदिर, गऊ माता की सुरक्षा का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर नगर उपाध्यक्ष आचार्य रविन्द्र द्विवेदी, विभाग संयोजक अजय पाण्डेय, उपाध्यक्ष रमेश मिश्र, उदित जायसवाल, विवेक गुप्ता, कुश कुमार गुप्त, सत्यम् जायसवाल, अरविन्द, दशरथ दास, रामजी जायसवाल सहित सैकड़ों हिन्दू बंधु उपस्थित रहे।