जनपद पूरी तरह से लॉक दिखा
https://www.shirazehind.com/2020/07/blog-post_519.html
जौनपुर। 55 घंटे के प्रदेशव्यापी प्रतिबंध के पहले दिन शनिवार को जनपद पूरी तरह से लॉक दिखा। सभी छोटी-बड़ी दुकानें व सरकारी कार्यालय बंद रहे। सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। लोगों के आवागमन पर सख्ती देखी गई। जिला व पुलिस प्रशासन अलर्ट रहा। धार्मिक स्थलों के साथ ही बाजारों में पुलिस चक्रमण करती रही। रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों से पहुंचने वाले यात्रियों को रोडवेज बस से उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया। सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों के बाहर रोडवेज की बसें लगाई गई थीं। जंघई जंक्शन, मीरगंज बाजार, बंधवा, गोधना सहित क्षेत्र के बाजार पूरी तरह बंद रहे। आवश्यक सेवाएं पूर्ववत चलती रहीं।
बदलापुर में आवश्यक सेवाओं को छोड़कर नगर सहित ग्रामीण क्षेत्र की सभी दुकानें बंद रहीं। प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार चौरसिया पुलिस की टीम बनाकर बराबर चक्रमण करते रहे। मछलीशहर नगर में चौराहों के साथ ही नगर के चुंगी चौराहा, रोडवेज, सराय, जंघई चौराहा समेत सभी जगह सन्नाटा पसरा रहा। सीओ अवधेश शुक्ला, कोतवाल दिनेश पांडेय व कस्बा इंचार्ज सरिता यादव ने गश्त कर लोगों को घरों में रहने का आग्रह किया। शाहगंज में नगर की सभी दुकानें व आवागमन बंद रहा। मड़ियाहूं में एसडीएम कौशलेंद्र मिश्र, क्षेत्राधिकारी विजय सिंह, प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी लाल सेन प्रतिबंध का पालन कराने को चक्रमण करते रहे। इसी तरह सिगरामऊ, गौराबादशाहपुर, मुफ्तीगंज बाजार, मुंगराबादशाहपुर नगर, बरसठी, सुजानगंज क्षेत्र में बेलवार, शांति नगर, बसरही, मुस्तफाबाद, खुटहन क्षेत्र की प्रमुख बाजार पूरी तरह से बंद रहे। जफराबाद के मोहल्ला शेखवाड़ा में एक दुकानदार ने नियम का उल्लंघन करते हुए सुबह दुकान खोल दिया था। पुलिस ने उसका चालान कर दिया।

