जब अवसर मिला तो निखरी प्रतिभा, ग्रामीण बेटियों के सपनों को मिला मंच
जौनपुर। सामाजिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही अतुल्य वेल्फेयर ट्रस्ट द्वारा ग्रामीण क्षेत्र की बच्चियों और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से आयोजित निशुल्क 30 दिवसीय सौंदर्य प्रशिक्षण कार्यशाला का समापन समारोह एक बार पुनः निखार ब्यूटी पार्लर, खुझी मोड़, जौनपुर स्थित प्रशिक्षण केंद्र में भव्य रूप से सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉली जोशी एवं विशिष्ट अतिथि प्रो. सरिता सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। स्वागत संबोधन में ट्रस्ट की अध्यक्ष उर्वशी सिंह ने अतुल्य वेल्फेयर ट्रस्ट द्वारा महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में निरंतर किए जा रहे कार्यों का संक्षिप्त परिचय प्रस्तुत किया।
मुख्य अतिथि डॉली जोशी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की बच्चियों और महिलाओं को प्राथमिकता देकर प्रशिक्षण प्रदान करना अतुल्य वेल्फेयर ट्रस्ट परिवार की सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन से भी अपेक्षा की जाएगी कि सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं का लाभ ट्रस्ट को मिले, जिससे यह अभियान और व्यापक रूप ले सके। उन्होंने ग्रामीण महिलाओं को जागरूक कर उनके अधिकारों के लिए कार्य को पुनीत बताया।
विशिष्ट अतिथि प्रो. सरिता सिंह ने कहा कि ट्रस्ट द्वारा किए जा रहे कार्य प्रेरणादायक हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि इस मुहिम में वे और उनका संस्थान हमेशा साथ खड़े रहेंगे। प्रशिक्षण ले रही बच्चियों और महिलाओं को देखकर उन्होंने इसे भविष्य में आत्मनिर्भरता की मजबूत नींव बताया।
समारोह में मुख्य अतिथि डॉली जोशी, विशिष्ट अतिथि प्रो. सरिता सिंह, क्षमा सिंह तथा प्रशिक्षिका सरोज गुप्ता द्वारा सभी प्रशिक्षार्थियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यशाला में प्रशिक्षक के रूप में सरोज गुप्ता, डिम्पल गुप्ता, पूजा पाल, सारिका, आंचल, नेहा नागर एवं चंदा गुप्ता रहीं। प्रशिक्षण शिविर के अंतर्गत चार श्रेणियों में प्रतियोगिता आयोजित की गई।
बेस्ट मेकअप में शिवानी प्रीति विश्वकर्मा,
बेस्ट हेयर कट में निकिता कन्नौजिया व श्रेया सोनकर,
हेयर डू में अंजलि नागर व चंचल नाविक,
जबकि बेस्ट स्किन में रोशनी प्रीति नाविक ने स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का संचालन अध्यक्ष मीरा अग्रहरी ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन क्षमा सिंह द्वारा प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में ट्रस्ट परिवार के सदस्य एवं कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

