रात्रि चेकिंग में पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर, तमंचा-कारतूस के साथ गिरफ्तार
जौनपुर। अपराध की रोकथाम और अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना खुटहन पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने रात्रि चेकिंग के दौरान एक शातिर अभियुक्त को तमंचा व जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी शाहगंज के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष खुटहन श्री रामाश्रय राय के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। उ0नि0 रामजन्म प्रसाद पुलिस टीम के साथ संदिग्ध व्यक्ति व वाहन की चेकिंग कर रहे थे, तभी पिलकिछा से गायत्री नगर मार्ग, ग्राम बीरमपुर के पास एक संदिग्ध युवक को रोका गया।
तलाशी के दौरान अभियुक्त के पास से एक तमंचा .12 बोर, एक जिंदा कारतूस .12 बोर, एक मोबाइल फोन तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। पूछताछ में अभियुक्त ने अपना नाम जितेन्द्र यादव पुत्र अमरदेव यादव निवासी ग्राम रमसापुर, थाना करौदीकला, जिला सुल्तानपुर बताया।
पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध थाना खुटहन में मु0अ0सं0 23/26 धारा 3/25 शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया।
गिरफ्तारी में शामिल पुलिस टीम में थानाध्यक्ष रामाश्रय राय, उप निरीक्षक रामजन्म प्रसाद, हेड कांस्टेबल सुनील कुमार एवं कांस्टेबल अजय कुमार शामिल रहे।

