जौनपुर में तैनात पुलिस इंस्पेक्टर की बेटी ने लहराया परचम, राज्यपाल ने दिया गोल्ड मेडल
जौनपुर। मेहनत और प्रतिभा के दम पर जौनपुर में तैनात पुलिस इंस्पेक्टर की बेटी आख्या राय ने शिक्षा के क्षेत्र में शानदार उपलब्धि हासिल कर परिवार और जनपद का नाम रोशन किया है। डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, अयोध्या के 31वें दीक्षांत समारोह में एमए (इतिहास, संस्कृति एवं पुरातत्व) में उच्च अंक प्राप्त करने पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदी बेन पटेल ने आख्या राय को गोल्ड मेडल देकर सम्मानित किया।दीक्षांत समारोह के भव्य मंच पर जब आख्या राय को स्वर्ण पदक प्रदान किया गया तो उनके परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। यह सम्मान उनकी कड़ी मेहनत, लगन और पढ़ाई के प्रति समर्पण का परिणाम है। आख्या की इस सफलता की खबर मिलते ही परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाइयां देनी शुरू कर दीं।
पिता जौनपुर में इंस्पेक्टर, एसएसपी के रीडर की संभाल रहे जिम्मेदारी
आख्या राय के पिता अवनीश कुमार राय पुलिस विभाग में इंस्पेक्टर हैं और वर्तमान में जौनपुर में तैनात हैं। वह एसएसपी जौनपुर के रीडर के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। पुलिस सेवा की व्यस्त जिम्मेदारियों के बीच बेटी की इस उपलब्धि ने उनके परिवार की खुशियों को और बढ़ा दिया है।
वहीं आख्या की माता शैलजा राय भी उच्च शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और अयोध्या के साकेत पीजी कॉलेज से पीएचडी कर रही हैं। शिक्षा के प्रति समर्पित माता-पिता के मार्गदर्शन और परिवार के प्रोत्साहन ने आख्या को अपने लक्ष्य के प्रति लगातार मेहनत करने की प्रेरणा दी।
एमए इतिहास, संस्कृति एवं पुरातत्व में उच्च अंक हासिल कर विश्वविद्यालय स्तर पर गोल्ड मेडल जीतना आख्या की शैक्षणिक प्रतिभा का प्रमाण है। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल के हाथों स्वर्ण पदक प्राप्त करना उनके लिए यादगार उपलब्धि बन गया।
आख्या की सफलता पर परिजनों, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने हर्ष जताते हुए उन्हें बधाई दी। सभी ने उम्मीद जताई कि शिक्षा और शोध के क्षेत्र में आख्या आगे भी इसी तरह सफलता के नए आयाम स्थापित करेंगी।

