कंपोजिट विद्यालय उत्तरगांवा में लगा तिरंगा मेला, बच्चों ने दिखाया देशप्रेम का जज्बा
https://www.shirazehind.com/2026/08/blog-post_844.html
जौनपुर। धर्मापुर विकासखंड के कंपोजिट विद्यालय उत्तरगांवा में बुधवार को ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम के तहत तिरंगा मेले का आयोजन किया गया। मेले में छात्र-छात्राओं ने स्वनिर्मित तिरंगा पोस्टर, पॉकेट बैज और हैंड बैंड प्रदर्शित कर अपनी रचनात्मकता के साथ देशभक्ति का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ खंड विकास अधिकारी धर्मापुर एवं खंड शिक्षा अधिकारी धर्मापुर ने दीप प्रज्वलित कर तथा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण करके किया। कार्यक्रम का संचालन प्रभारी प्रधानाध्यापक हरिनाथ यादव ने किया।
इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी ने बच्चों को राष्ट्रीय ध्वज के महत्व, राष्ट्रप्रेम और अमर शहीदों के बलिदान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रध्वज के सम्मान के प्रति जागरूक किया।
तिरंगा मेले में बच्चों द्वारा बनाए गए आकर्षक पोस्टर, पॉकेट बैज और हैंड बैंड लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं की मौजूदगी रही।

