शहीद जिलाजीत यादव की शहादत को नमन, विधायक बोले—देश की रक्षा करने वाले मरकर भी जिंदा रहते हैं

 

जफराबाद। सिरकोनी विकासखंड के इजरी गांव में बुधवार को शहीद जिलाजीत यादव का शहादत दिवस श्रद्धा और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जफराबाद विधायक जगदीश राय ने शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं और दुश्मनों से रक्षा करने वाले वीर जवान मरकर भी हमेशा जिंदा रहते हैं।

विधायक ने कहा कि भारतीय सैनिक अपनी जान की परवाह किए बिना 24 घंटे देश की रक्षा के लिए तत्पर रहते हैं। उन्हीं के त्याग और बलिदान के कारण आज देश और देशवासी सुरक्षित हैं। शहीदों के बलिदान को याद कर देश को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण तब आया, जब शहीद जिलाजीत की मां उर्मिला, पत्नी पूनम और छह वर्षीय पुत्र जीवांश ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। इस दृश्य ने मौजूद लोगों की आंखें नम कर दीं।

कार्यक्रम की शुरुआत भूतपूर्व सैनिक दिनेश यादव फौजी और केके सिंह के नेतृत्व में शहीद जिलाजीत यादव को गार्ड ऑफ ऑनर देकर की गई। इसके बाद सभी अतिथियों ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर शहीद को नमन किया। सरस्वती निकेतन इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने शहीद की स्मृति में रैली निकाली। ‘शहीद जिलाजीत अमर रहें’ के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।

इस अवसर पर सपा जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य, पूर्व विधायक लालबहादुर यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राजबहादुर यादव, डॉ. इंद्र सिंह, नंदलाल यादव, अशोक यादव सहित अन्य लोगों ने भी विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन डॉ. बृजेश यदुवंशी ने किया।

कार्यक्रम में दिनेश यादव, उमाशंकर पाठक, अजय सिंह, विनय कुमार, फिरतु यादव, बेचन यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Related

JAUNPUR 6167028395279375699

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item