सेवा संकल्प अभियान में रक्तदान, नशामुक्ति जागरूकता और मरीजों को फल वितरण
जौनपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस एवं सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में रक्तदान शिविर, नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम एवं मरीजों को फल वितरण सहित विभिन्न जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव, विशिष्ट अतिथि विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह ‘प्रिंशु’ एवं जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की उपस्थिति में हुआ। रक्तदान शिविर में चिकित्सकों, छात्र-छात्राओं, कर्मचारियों एवं अन्य लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। वहीं लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। बृजेश सिंह ‘प्रिंशु’ ने प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन का उल्लेख करते हुए सेवा एवं राष्ट्रहित की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस दौरान मंत्री, विधान परिषद सदस्य एवं सेवा संकल्प अभियान के जिला संयोजक अजय सिंह ने मेडिकल कॉलेज के विभिन्न इमरजेंसी वार्डों में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
प्रधानाचार्य प्रो. आर.बी. कमल ने कहा कि चिकित्सा सेवा मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। रक्तदान, नशामुक्ति जागरूकता और मरीजों को फल वितरण जैसे कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज में सेवा एवं सहयोग की भावना को मजबूत करना है।
कार्यक्रम में मुख्य राजस्व अधिकारी अजय कुमार अम्बष्ट, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. ए.ए. जाफरी, कम्युनिटी मेडिसिन विभागाध्यक्ष डा. अनुज सिंह, इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, लायन्स क्लब, अतुल्य ट्रस्ट, रोटरी क्लब सहित मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

