एक साथ घर पहुंची दुल्हन की डोली और ससुर का शव

http://www.shirazehind.com/2021/04/blog-post_926.html
जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र के भटपुरा गांव में शादी के बाद शुक्रवार की सुबह विदाई के समय हृदयगति रुकने से दुल्हन के ससुर की मौत हो गई। हंसी-खुशी का माहौल पल भर में गमगीन हो गया। आनन-फानन विदाई की रस्म पूरी कराकर वर पक्ष के लोग दुल्हन व ससुर का शव लेकर चले गए।
भटपुरा गांव निवासी धर्मेंद्र पाल ने अपनी बहन संगीता की शादी चकमहिता डमरूआ निवासी चंद्रबली पाल के पुत्र राजेंद्र पाल के साथ तय की थी। निर्धारित तिथि पर गुरुवार की शाम बरात धूमधाम से धर्मेंद्र के दरवाजे पर पहुंची। घरातियों ने उल्लास के साथ बरातियों की आवभगत की। द्वारचार के बाद देररात विधिवत शादी हुई। शुक्रवार की सुबह पांच बजे दुल्हन की विदाई की तैयारियां चल रही थीं, उस समय अचानक चंद्रबली के सीने में तेज दर्द उठा। घराती व बराती उन्हें तुरंत वाहन से नौपेड़वा बाजार में निजी चिकित्सक के यहां लाए। चिकित्सक ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। हंसी-खुशी का माहौल अचानक बोझिल हो गया। ऐसी परिस्थितियों में तरह-तरह की अटकलें लगाई जाने लगीं। दोनों पक्षों के बड़े-बुजुर्गों की पहल पर आनन-फानन दुल्हन की विदाई की रस्म निभाई गई। घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई है।