10 लाख से अधिक कर्मचारी जायेंगे हड़ताल पर : महासंघ
https://www.shirazehind.com/2013/10/10.html
जौनपुर, 5 अक्टूबर। प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के डेढ़ वर्ष बीत चुके हैं परन्तु सरकार ने अभी तक प्रदेश के कर्मचारियों की लम्बित पड़ी मांगों के समाधान की दिशा में कोई भी ठोस कदम नहीं उठाया। नतीजतन प्रदेश के 10 लाख से अधिक कर्मचारी हड़ताल पर जाने का निर्णय लेने को बाध्य हो गये। उक्त बातें उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष अजय सिंह व प्रदेश महासचिव बजरंग बली यादव ने शनिवार को सिंचाई विभाग के डाक बंगले में पत्र-प्रतिनिधियों से वार्ता करते हुये कही। पदाधिकारीद्वय ने बताया कि प्रदेश में कर्मचारी समस्याओं के समाधान के लिये संघर्षरत महासंघ एवं उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने साझा मंच राज्य कर्मचारी अधिकार मंच का गठन किया है। मंच ने साझा आंदोलन का ऐलान कर दिया है जिसके तहत आगामी 17 अक्टूबर को जिला मुख्यालयांे पर धरना-प्रदर्शन एवं मुख्यमंत्री को ज्ञापन तथा 25 अक्टूबर को विधानसभा के समक्ष भूख हड़ताल और 26 अक्टूबर को विधानसभा के समक्ष प्रदर्शन और 12 नवम्बर को प्रदेश के 10 लाख से अधिक कर्मचारी बेमियादी हड़ताल पर चले जायेंगे। उन्होंने बताया कि उपरोक्त कार्यक्रमों की पूरे प्रदेश में तैयारियां लगभग पूरी कर ली गयी हैं। पत्रकार वार्ता के दौरान जिलाध्यक्ष तनवीर अब्बास शास्त्री, अजय सिंह, अशोक कुमार, संजय चैधरी, शिव कुमार यादव, राम आसरे, अशोक यादव, अशोक उपाध्याय, संतोष यादव, अरविन्द कुमार मौजूद रहे।