पुलिस सुरक्षा में पति-पत्नी को गोलियों से भूना
https://www.shirazehind.com/2013/11/blog-post_6802.html
लखनऊ। बागपत के दोघट क्षेत्र के गागनौली गाव में दिनदाहाड़े पुलिस
सुरक्षा में पति-पत्नी की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने
सुरक्षा में लगे दोनों पुलिसकर्मियों को भी मारपीट कर घायल कर दिया।70 वर्षीय रामबीर और उनकी 65 वर्षीय पत्नी सरोज बुधवार दोपहर खेत से बरसीम लेकर लौट रहे थे। उनके साथ सिपाही आदेश और रूप किशोर भी थे। दोनों पुलिसकर्मी उनकी सुरक्षा के लिए थे। चारों जब गाव के नजदीक पहुंचे तो ईख के खेत में घात लगाकर बैठे लगभग एक दर्जन बदमाशों ने उन पर हमला बोल दिया। दोनों सिपाहियों की रायफल छीन ली और मैगजीन निकाल ली और दोनों की पिटाई कर दी। इसी बीच रामबीर और सरोज एक मकान में घुस गये। बदमाशों ने दोनों को गोलियों से छलनी कर मौत के घाट उतार दिया। बदमाश रायफल और मैगजीन फेंककर फरार हो गये। इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जाच में मामला रंजिश का सामने आया है। एक साल पहले सरोज के बेटे संजीव और भतीजे प्रवीण को भी मौत के घाट उतार दिया गया था। धमकी मिलने के बाद दंपती की सुरक्षा में दो पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे।
