रात में बिजली कटौती से बिलबिला रहे जौनपुर के लोग
https://www.shirazehind.com/2014/04/blog-post_9134.html
जौनपुर : रात में हो रही बेतहाशा बिजली कटौती से नगर व ग्रामीण क्षेत्र के लोग बिलबिला रहे हैं। वहीं स्थानीय स्तर पर खराबी के चलते शेड्यूल से भी काफी कम आपूर्ति की जा रही है।
नागरिकों को उम्मीद थी कि लोकसभा चुनाव के समय में बिजली, पानी की आपूर्ति बेहतर होगी लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। शेड्यूल के अनुसार जहां रात में दस बजे से एक बजे तक कटौती हो रही है। इमरजेंसी में इसे और बढ़ा दिया जा रहा है। इस कटौती के कारण गर्मी व मच्छरों से परेशान लोगों की रात जागकर बीत रही है।
इतना ही नहीं पारा चढ़ने के साथ ही ओवरलोड व हवा के झोंको के कारण स्थानीय स्तर पर भी व्यवधान अधिक आ रहा है। संसाधनों की कमी के चलते समय से मरम्मत न होने के कारण स्थिति और विकट हो गई है।
मड़ियाहूं नगर सहित ग्रामीण क्षेत्र में दो दिन से रात में बिजली की आपूर्ति न होने से नागरिकों में आक्रोश है। गर्मी में पेयजल व हवा के साथ ही किसानों का मड़ाई कार्य भी बाधित है।
अधिशासी अभियंता पारेषण आशुतोष दीक्षित ने कहा कि रात दस बजे से एक बजे तक कटौती शेड्यूल में है। इमरजेंसी में कंट्रोल द्वारा कटौती और बढ़ा दी जाती है।

