मालिनी ने गीत के जरिए मतदाताओं को किया जागरूक
https://www.shirazehind.com/2014/05/blog-post_5100.html
जौनपुर : राष्ट्रीय महापर्व में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न संगठनों द्वारा जागरुकता रैली निकाली जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को रजा डीएम शिया कालेज के मैदान पर आयोजित सांस्कृतिक संध्या में मतदाता जागरुकता अभियान की ब्रांड अंबेसडर प्रसिद्ध भोजपुरी गायिका मालिनी अवस्थी ने गीत के जरिए लोगों को जागरूक किया।
कार्यक्रम के आरंभ में जनक कुमारी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय व फ्रेंड्स डांस ग्रुप के बच्चों ने नृत्य व गीत प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद मालिनी अवस्थी ने कई जागरुकता गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में सभी प्रेक्षक, जिलाधिकारी, सीडीओ, डीडीओ, जिला विद्यालय निरीक्षक सहित तमाम अधिकारी मौजूद रहे।
इसी क्रम में श्री गांधी स्मारक इंटर कालेज समोधपुर के स्काउट, गाइड कैडेटों ने लोगों को जागरूक किया। रैली को जिला कमिश्नर डा.रणजीत सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कैडेट हाथ में स्लोगन लिखे तख्तियां लिए आकर्षक नारा लगाते हुए गांवों में भ्रमण किया। जागरुकता अभियान में राधेश्याम मौर्य, संतोष कुमार सिंह, जितेंद्र बहादुर सिंह आदि मौजूद रहे। संचालन नसीम अंसारी ने किया।
इसी क्रम में नगर के संत गुरुपद संभव राम एकेडमी के छात्र-छात्राओं ने मतदाता जागरुकता रैली निकाल कर अधिक से अधिक मतदान के लिए जागरूक किया। विद्यालय के व्यवस्थापक निशाकांत द्विवेदी, देवेश मिश्र, आशुतोष शर्मा आदि ने मजबूत लोकतंत्र के लिए सहयोग का आह्वान किया।