पंचमुखी हनुमान मंदिर के महंथ चुनाव को लेकर मचा बवाल
https://www.shirazehind.com/2015/04/blog-post_333.html
जौनपुर। नगर के फैजबाग (बाबा जी की कुटिया) में स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर के महंथ पद का मामला तूल पकड़ लिया जिसको लेकर क्षेत्रीय नागरिकों ने विरोध करते हुये प्रदर्शन शुरू कर दिया। जानकारी होने पर पुलिस विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गये और आक्रोशित लोगों को बहुत समझाये लेकिन वह नहीं माने जिस पर महंथ के चुनाव को रद्द करते हुये अग्रिम आदेश तक मामला टाल दिया गया। क्षेत्रीय लोगों की मानें तो उक्त मंदिर के महंथ जयदेव दास अपने एक चहेते अयोध्या प्रसाद को महंथ की कुर्सी पर आसीन कर दिया जिसकी जानकारी होने पर क्षेत्रीय लोग आक्रोशित हो गये। गुरूवार के मंदिर प्रांगण में एकत्रित होकर सभी ने इसका विरोध कर दिया जिस पर मामला तूल पकड़ लिया। क्षेत्र के ही मोनू मौर्या के नेतृत्व में हुये प्रदर्शन की जानकारी होने पर क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक सिंह, शहर कोतवाल सीबी सिंह, सरायपोख्ता चैकी प्रभारी अशोक कुमार मयफोर्स मौके पर पहुंचकर लोगों को बहुत समझाये लेकिन लोग नहीं माने। इस पर चुनाव को रद्द करते हुये अग्रिम आदेश तक मामला टाल दिया गया। इस संदर्भ में दूरभाष पर हुई वार्ता के क्रम में महंथ अवधेश चन्द्र भारद्वाज ने बताया कि महंथ का चुनाव अयोध्या में स्थित छावनी के बड़े महंथ के आदेश पर होता है तथा चुनाव में महंथ मण्डल के सदस्यों के अलावा मंदिर के इर्द-गिर्द के क्षेत्रीय लोग वोट देते हैं। फिलहाल समाचार लिखे जाने तक स्थिति सामान्य सी रही।
