24 सितम्बर से चलेगा 25 दिवसीय योग शिक्षक प्रशिक्षण शिविर
https://www.shirazehind.com/2015/09/24-25.html
जौनपुर। योगगुरू स्वामी रामदेव की प्रेरणा से जौनपुर को योग, आयुर्वेद एवं प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति से स्वस्थ एवं खुशहाल बनाने के उद्देश्य से पतंजलि योगपीठ के सौजन्य से 25 दिवसीय योग शिक्षक प्रशिक्षण शिविर का आयोजन 24 सितम्बर से 18 अक्टूबर तक सुबह 5 से 7 बजे और शाम 5 से 7 बजे तक सुक्खीपुर स्थित विष्णु मोटल में सुनिश्चित हुआ है। इस बाबत शनिवार को पतंजलि योग समिति एवं भारत स्वाभिमान की संयुक्त बैठक को सम्बोधित करते हुये प्रान्तीय प्रभारी सुरेन्द्र योगी ने बताया कि योग के क्रियात्मक एवं सैद्धान्तिक पाठ्यक्रमों में सफल योग प्रशिक्षकों को क्वालिटी कण्ट्रोल आफ इण्डिया द्वारा योग शिक्षक का प्रमाण पत्र दिया जायेगा। उन्होंने बताया कि इच्छुक लोग 200 घण्टे के योग का क्रियात्मक व सैद्धान्तिक अभ्यासों का प्रशिक्षण जनपद मुख्यालय के साथ गांव में दिया जायेगा। तत्पश्चात् साप्ताहिक योग का प्रशिक्षण योग गुरू स्वामी रामदेव के सानिध्य में हरिद्वार स्थित पतंजलि योगपीठ में देने के पश्चात् परीक्षा में सफल लोगों को आयुष मंत्रालय भारत सरकार द्वारा प्रमाण पत्र दिया जायेगा। इस अवसर पर शशिभूषण, रवि प्रकाश, संजय सेठ, अदालत योगी, प्रो. वीडी शर्मा, अचल हरिमूर्ति, डा. धु्रवराज, डा. हेमंत, डा. चन्द्रसेन, कृष्ण मुरारी आर्य, शम्भूनाथ, अमित आर्य, सिकन्दर, रामकुमार, लाल बहादुर, सूबेदार यादव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

