कोई खिड़की से घुसा तो किसी ने बैग फेका
https://www.shirazehind.com/2015/09/blog-post_66.html
जौनपुर। दो दिन के अवकाश के कारण पर बस अड्डों पर अराजकता का माहौल रहा। सीट पाने के लिए यात्रियों में मारामारी हुई। वहीं बस के आते ही यात्री दौड़ पड़ते। कोई खिड़की से खुद घुसता तो कोई बच्चों को घुसा देता। कई ने तो बैग और सामान फेंककर सीट कब्जाने की कोशिश की। कई ऐसे रहे जो इतनी फुर्ती या तेजी नहीं दिखा पाए, लिहाजा बसों के इंतजार में घंटों बैठना पड़ा। शनिवार को रोडवेज बस स्टेशन तथा बस अड्डों पर कमोबेश ऐसे ही हालात रहे। पर्व पर व्यवस्था को लेकर रोडवेज के तमाम दावे ध्वस्त हो गए। सबसे ज्यादा परेशानी तो महिलाओं को हुई। बस में सीट पाने के लिए मारामारी का आलम रहा। कई महत्वपूर्ण रूटों पर बसों की संख्या यात्रियों के आगे नाकाफी साबित हुई। बस के आते ही यात्री उनमें जगह पाने के लिए खिड़की से घुसते दिखे। वहीं सिपाह , मछली शहर पड़वा व शाहबंज बस अड्डे पर हालात और बदतर रहे। बस अड्डे में बस के प्रवेश के साथ ही यात्री दौड़ पड़ते। खिड़की से घुसने के साथ ही बच्चों को भी इसी रास्ते बस में घुसाकर सीट कब्जाने की कोशिशें हुई। सीट पाने के लिए कई बसों में यात्री आपस में भिड गए। खिड़की से घुसने के साथ ही यात्री दरवाजों पर लटक गए और छत पर बैठकर सफर करने को मजबूर हुए। वहीं कई रोडवेज कर्मी भी बजाय व्यवस्था बनाने के यहां-तहां आराम फरमाते दिखे।

