बारिश से स्वास्थ्य केन्द्र जलमग्न
https://www.shirazehind.com/2016/07/blog-post_561.html
जौनपुर। बारिश से जहां शहर की सड़के कीचड़युक्त हो गयी है और अनेक स्थानों पर जलजमाव होने से आवागमन में भारी मुसीबत हो रही है वही दर्जनों प्राइमरी स्कूलों में जलजमाव के चलते अवकाश घोषित कर दिया गया। जलालपुर का स्वास्थ्यकेन्द्र पूरी तरह से जलमग्न हो गया। मरीज नहीं पहुंच सके तथा अन्य लोगों को भी सांसत झेलनी पड़ी। बुधवार को तड़के से बारिश का सिलसिला शुरू हो गया जो पूर्वान्ह 11 बजे तक रूक रूक कर जारी रहा। इससे लोगों को परेशानी पैदा हुई लेकिन खेती के लिए फायदेमंद रहा। धान की सूख रही फसलों में हरियाली आने की संभावना व्यक्त की जा रही है। अनेक गांवों में वर्षा के बाद धान की रोपाई शुरू कर दिया गया। उधर सिरकोनी , जलालपुर, मड़ियाहूं विकास खण्ड के दर्जन भर गावों में वर्षा का पानी प्राइमरी स्कूलों में भर गया जिससे बच्चे वहां नहीं पहुंच सके। स्कूलों के आस पास जलजमाव पढ़ाई में व्यवधान बन रहा है।

