
जौनपुर । मतदान की तैयारियां जोरों पर चल रही है। जिले की नौ विधान सभा क्षेत्रों के 31 लाख 58 हजार 226 मतदाता आगामी आठ मार्च को अपने मताधिकार का प्रयोग कर 121 उम्मीदवरों में से नौ विधायकों को चुनेगे। जिले में 16 लाख 80 हजार 553 पुरूष, 14 लाख 77 हजार 651 महिला एवं 122 अन्य मतदाता है। इसे 31 जोन व 231 सेक्टरों में बांटकर जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किये गये हैं। 9 विधान सभाओं में दो हजार 151 मतदान केन्द्र व तीन हजार 445 मतदेय स्थल बनाये गये हैं। जौनपुर शहर विधान सभा क्षेत्र में 407 मतदेय स्थलांे पर पहली बार वी वी पैट मशीन लगायी जायेगी। जिससे मतदान करने को एक पर्ची मिलेगी जिससे पता चलेगा कि उसका मतदान सही हुआ है। नौ विधान सभा क्षेत्रों में कुल 138 लोगों ने नामांकन किया था, जिसमें जांच के बाद 14 लोगों के नामांकन निरस्त हुए और नाम वापसी के दिन तीन लोगों ने अपना नाम वापस ले लिया। अब चुनाव मैदान में 121 लोग रह गये है। जिले के केराकत सुरक्षित विधान सभा में सबसे कम 6 और मड़ियाहूं में सबसे अधिक 22 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। जिले की नौ विधान सभा क्षेत्रों में कुल 11 महिलायें अपना भाग्य आजमा रही है। बसपा से दो भाजपा, सपा, अपना दल अनुप्रिया गुट ने एक एक महिला को चुनाव मैदान में उतारा है। जिले के मड़ियाहूं विधान सभा क्षेत्र से सपा की वर्तमान विधायक श्रद्धा यादव, मुंगराबादशाहपुर से भाजपा की तीन बार विधायक चुनी जा रही सीमा द्विवेदी को पुनः मैदान में उतारा है। जिले की तीन विधान सभा क्षेत्रों मल्हनी से प्रदेश के कैबिनेट मंत्री पारस नाथ यादव, शाहगंज से ऊर्जा राज्य मंत्री शैलेन्द्र यादव ललई व मछली शहर सुरक्षित से जल संसाधन मंत्री जगदीश सोनकर चुनाव लड़ रहे हैं। जिले के मल्हनी सीट से पूर्व सांसद धनन्जय सिंह भी अपना भाग्य आजमा रहे है। हर मतदान केन्द्र पर अर्ध सैनिक बलों को तैनात किया जायेगा। मतदाता जागरूकता के लिए एक, दो व्यय, नौ सामान्य प्रेक्षक आ गये हैं, जो भ्रमण कर स्वतंत्र, निष्पक्ष व शान्तिपूर्ण मतदान अधिक से अधिक मतदान कराने का प्रयास कर रहे है। जिले में अब तक अपने अपने प्रत्याशियों के लिए चुनाव प्रचार करने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान, सांसद मनोज तिवारी, योगी आदित्य नाथ, अपना दल की अध्यक्ष व केन्द्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल, भासपा के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर, कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव गुलाम नवी आजाद प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर, राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव, सपा के राष्ट्रीय महासचिव राम गोपाल यादव, सांसद डिम्पल यादव, बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चन्द मिश्र सहित अनेक नेता आ चुके है। प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी व बसपा अध्यक्ष मायावती भी रैली को सम्बोधित कर चुके है। , पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव पांच मार्च व सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 6 मार्च को चुनावी सभा करेगें। जिले मंे निर्वाचन के अन्तिम एवं सातवे चरण में आठ मार्च को मतदान होगा।