1 से 15 अक्टूबर तक मनाया जायेगा स्वच्छता पखवाड़ा
https://www.shirazehind.com/2017/09/1-15.html
जौनपुर।
ग्रामीण विकास आयुक्त पार्थसारथी सेन शर्मा ने बताया कि ग्राम समृद्धि एवं
स्वच्छता पखवाड़ा 1 से 15 अक्टूबर तक मनाया जायेगा। जिलाधिकारी सर्वज्ञराम
मिश्र की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। बैठक
में जिलाधिकारी ने बताया कि 1 अक्टूबर को ग्राम पंचायत सचिव/जीआरएस/सीआरपी
द्वारा अभियान के बारे में सामान्य जानकारी एवं स्वच्छता अभियान की शुरूवात
की जायेगी। 2 अक्टूबर को प्राथमिक विद्यालय के बच्चों द्वारा प्रभातफेरी
निकाली जायेगी। इसके अलावा लोगों को जागरूक करने के लिए अनेकों कार्यक्रम
किये जायेंगे। 3 से 7 अक्टूबर तक स्वच्छता अभियान में स्वच्छ हरित गांव,
स्वच्छता अभियान, सड़क के किनारे, सार्वजनिक स्थानों से कचरे की सफाई,
व्यक्तिगत शौचालय का निर्माण, नालियों की सफाई की जायेगी और आंतरिक ग्राम
सड़कों की सफाई मरम्मत आदि के बारे में बताया जायेगा। उन्होंने कहा कि
स्वच्छता के संबंध में राज्य/जिला विशेष पहल शुरू करें। आगनबाड़ी केन्द्रों
की सफाई, विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन का निरीक्षण, विद्यालयों की सफाई,
पौधरोपण, स्वास्थ्य संबंधित कार्य, आईसीडीएस केन्द्रों पर बच्चों के वजन व
कुपोषण की जांच, गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं का पंजीकरण एवं टीकाकरण
आदि किया जायेगा। मुख्य विकास अधिकारी आलोक सिंह ने बताया कि शासन के
निर्देशानुसार जिले के 323 अन्त्योदय गांव के साथ ही नोडल अधिकारी बाल पोषण
मिशन, ओडीएफ एवं अन्य कार्यक्रमों का निरीक्षण करके रिपोर्ट प्रस्तुत
करेंगे। अधिकारी इसकी फोटोग्राफी एवं विडियोग्रॉफी भी करायेेंगे। इस अवसर
पर सीएमओ डा. ओपी सिंह, पीडी पीके राय, डीडीएजी जय प्रकाश, बीएसए डा.
राजेन्द्र सिंह, जिला युवा कल्याण अधिकारी आरपी यादव, अधिशासी अभियंता
आरईएस मायाराम वर्मा, सहायक अभियंता उमाकान्त तिवारी, डीपीआरओ सुधीर
श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे।
