सुविधाओं के लिए लाभार्थियों ने किया प्रदर्शन
https://www.shirazehind.com/2018/03/blog-post_718.html
जौनपुर। रामनगर विकास खण्ड के ग्राम सभा नोकरा गांव का चयन 2015-16 में समग्र ग्राम डॉ. राम मनोहर लोहिया के रुप में हुआ। गांव का चयन होते ही ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी थी कि अब समूचे गांव का सर्वांगीण विकास होगा। गांव का विकास कार्य तो शुरु हुआ जिसमें लोहिया आवास के लिए 61 लाभार्थियों का चयन भी हुआ लेकिन चयन होने के उपरांत लोहिया आवास के मानक को दरकिनार कर आवास तो बनाया गया लेकिन प्रत्येक लाभार्थियों को जो मजदूरी, सोलर लाइट, आवास में लगाने के लिए पंखा मिलता है वह 2 वर्ष बीत जाने के बाद भी अभी तक नहीं मिल पाया। जिसे लेकर लाभार्थी आये दिन ब्लॉक मुख्यालय से लेकर ग्राम प्रधान व सेक्रेटरी से गुहार लगाते रहते हैं लेकिन उन्हें महज आश्वासन ही मिलता हैं। कुछ दिनों तक तो लाभार्थियों को यह कहा गया कि रुका मजदूरी, सोलर लाइट व पंखा जल्दी दिला दिया जाएगा। जिसकी उम्मीद में ग्रामीण आज तक इंतजार करते रहे लेकिन कुछ लाभार्थियों ने जब सेक्रेटरी इंद्रजीत पाल से इस बाबत जानकारी लेनी चाही तो उन्होंने बताया कि सत्र समाप्त हो चुका है अब आप लोगों को यह सुविधाएं नहीं मिल पाएंगी। जिससे नाराज नोकरा गांव के ग्रामीणों ने लाभार्थियों संग सैकड़ों की संख्या में ब्लॉक मुख्यालय पहुंचकर गुरुवार दोपहर जमकर हंगामा किया और लाभार्थियों ने ग्राम विकास अधिकारी को पत्र भी सौंपा। लाभार्थियों ने गांव में ही तैनात सफाईकर्मी रतन लाल यादव पर मजदूरी सहित शेष बचे सामानों को दिलाने के नाम पर लाभार्थियों से मोटी रकम वसूलने का भी आरोप लगाया। लगभग घंटों चले प्रदर्शन के बाद विकास खंड अधिकारी रामनगर रमाकांत सिंह के समझाने बुझाने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। प्रदर्शन कर रहे लोगों में लाभार्थी सुनीता, अनिता देवी, गीता देवी, सिमा देवी, विष्णु दुबे, जमुना, सरिता देवी, अमरावती देवी सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे। इस संदर्भ में बीडीओ रामनगर रमाकांत सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत पर जांच की जाएगी और जांच के दौरान दोषी पाए जाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

