रिटायर्ड फौजी के हत्यारों का सूराग नहीं
https://www.shirazehind.com/2019/12/blog-post_713.html
जौनपुर। केराकत कोतवाली क्षेत्र के विसेनपुर गांव के पास सोमवार की रात रिटायर्ड फौजी की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस दूसरे दिन हत्यारों तक नहीं पहुंच सकी। बाइक सवार तीन बदमाशों ने घर से करीब डेढ़ किमी पहले ही वारदात को अंजाम दिया। ज्ञात हो कि पहाड़ी पट्टी गांव निवासी रिटायर्ड 56 वर्षीय फौजी अशोक सिंह की मथुरापुर में आटो पार्ट्स की दुकान है। वे शाम को दुकान बंद करके रोज की तरह बाइक से घर जा रहे थे। घर से करीब डेढ़ किमी पहले विसेनपुर गांव के पास पहुंचे ही थे कि दो बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। इस दौरान फौजी अशोक सिंह बदमाशों से भिड़ गये। हाथापाई होने के बाद बदमाशों ने गोली मार दी और भाग गये। गोली फौजी के सीने में बायीं ओर लगी। बेखौफ बदमाशों ने थानागद्दी पुलिस चैकी से महज आठ सौ दूरी पर घटना को अंजाम दिया। गोली की आवाज सुनकर जब ग्रामीण सड़क की तरफ भागकर गये तो देखा कि बाइक सवार बदमाश भाग रहे थे। जब लोग घटनास्थल पर पहुंचे तो फौजी घायल होकर लुढ़के पड़े कराह रहे थे। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे उनके बेटे रितेश सिंह ने आनन-फानन में पिता को इलाज के लिए लेकर वाराणसी भागे। जहां चिकित्सकों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही केराकत सीओ रामभुवन यादव, कोतवाल बिद कुमार मयफोर्स पहुंचकर छानबीन में जुट गये। फौजी के घर में उनकी पत्नी व एक बेटा रहता था। एक बेटा बाहर रहता है।