ड्यूटी पर तैनात दारोगा का सोते समय वीडियो बनाना युवक को पड़ गया भारी
https://www.shirazehind.com/2020/04/blog-post_509.html
जौनपुर। लॉकडाउन के दौरान बैरियर ड्यूटी पर तैनात दारोगा का सोते समय वीडियो क्लिप बनाना युवक के लिए भारी पड़ गया। युवक का आरोप है कि दारोगा ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया। उसने पुलिस अधीक्षक व वाराणसी जोन के पुलिस महानिरीक्षक से शिकायत करने के साथ ही मुकदमा दर्ज करने के लिए सुरेरी थाने में तहरीर दी है।
सुरेरी थाना क्षेत्र के कोचारी गांव निवासी ज्ञानेंद्र मौर्य ने आइजी व एसपी से की गई शिकायत में आरोप लगाया है कि गुरुवार को वह भदोही जिले की सीमा पर स्थित मलेथू गांव में बैरियर के पास गया था। वहां ड्यूटी पर तैनात सुरेरी पुलिस चौकी प्रभारी रामजनम यादव बैरियर से कुछ दूरी पर सो रहे थे। वह वीडियो रिकार्डिंग करने लगा। इसी दौरान चौकी प्रभारी की आंख खुल गई। उन्होंने मोबाइल फोन छीन लिया और अपशब्दों का प्रयोग करते हुए भगा दिया। पीड़ित युवक ने कोई कार्रवाई न होने पर मुख्यमंत्री के जनसुनवाई पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई है। दूसरी तरफ एसआइ रामजनम यादव का कहना है कि चौकी पर तैनात एक सिपाही के इशारे पर उन पर झूठे आरोप लगाये गए हैं। वहीं थानाध्यक्ष श्याम दास वर्मा ने कहा कि तहरीर मिली है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

