भदेठी कांड : 35 आरोपित गिरफ्तार, गांव में पसरा सन्नाटा

जौनपुर।  सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के भदेठी गांव में दो वर्गो के बच्चों के बीच हुए विवाद को लेकर मंगलवार की रात अनुसूचित जाति बस्ती पर हमलाकर पिटाई, तोड़फोड़ व आगजनी के मामले में 58 नामजद व 100 अज्ञात आरोपितों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। इसके साथ ही 35 आरोपितों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया है। घटना को लेकर तनाव के चलते गांव पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है।
बुधवार को दोपहर में पहुंचे वाराणसी मंडल के आयुक्त दीपक अग्रवाल व आइजी विजय सिंह मीणा ने स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ितों को दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने व क्षतिपूर्ति का आश्वासन दिया। वहीं पुलिस कार्रवाई से डरे-सहमे वर्ग विशेष के अधिकतर पुरुष सदस्य गांव से पलायन कर गए हैं। मंगलवार की शाम उक्त गांव का शहबाज (13) बाग में आम तोड़ने गया था। तालाब के पास बकरियां चरा रहे अनुसूचित जाति बस्ती के बच्चों से किसी बात को लेकर उसका विवाद हो गया। शहबाज ने घर जाकर परिजनों  को जानकारी दी। पूछताछ करने के दौरान उसके स्वजनों व अनुसूचित जाति बस्ती के लोगों में मारपीट हो गई। इसमें नबील, फ्लावर, लारेब व हबीब जख्मी हो गए। प्रधान पति आफताब उर्फ हिटलर ने समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया। आरोप है कि इसके बाद रात करीब साढ़े आठ बजे वर्ग विशेष के सैकड़ों लोग लाठी-डंडे से लैस होकर अनुसूचित जाति बस्ती पर धावा बोल दिए। जो मिला उसे पीटा और तोड़फोड़ की। रवि, पवन, अतुल आदि घायल हो गए। इस दौरान आगजनी में नंदलाल, नेबूलाल, फिरतू, राजाराम, जीतेंद्र, सेवालाल सहित बस्ती के एक दर्जन से अधिक लोगों के मड़हे व घर जल गए। कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। आग की चपेट में आने से तीन बकरियां व एक भैंस जिदा जल गईं।
जिलाधिकारी दिनेश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार के भारी पुलिस बल के साथ रात में पहुंचने पर हिसक भीड़ पर काबू पाया जा सका। दूसरे वर्ग के लोगों का आरोप है कि उपद्रव के दौरान अनुसूचित बस्ती के लोगों ने खुद अपने घरों में आग लगाई। तहरीर के आधार पर 58 नामजद व 100 से अधिक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने रात में ही दबिश देकर 35 आरोपितों को गिरफ्तार कर ली है। मेडिकल मुआयना कराने के बाद पुलिस ने चालान कर दिया। अन्य आरोपितों की तलाश में पुलिस संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है। गांव दूसरे दिन तनावपूर्ण शांति के बीच छावनी में तब्दील है। पीएसी व चार थानों की पुलिस तैनात है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल व आइजी विजय सिंह मीणा ने बुधवार की दोपहर गांव में पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पीड़ितों को आश्वस्त किया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी और उन्हें समुचित मुआवजा दिलाया जाएगा। उनके साथ जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक भी रहे। बकरी व भैंस चराने को लेकर विवाद गंभीर घटना का कारण बना। एक पक्ष के लोगों ने हमलाकर तोड़फोड़ व आगजनी की। 35 आरोपितों को रात में ही गिरफ्तार कर लिया गया है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अब गांव में हालात सामान्य हो गए हैं।

Related

news 6932218624172048569

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item