हत्या का आरोपित गिरफ्तार
https://www.shirazehind.com/2020/09/blog-post_33.html
जौनपुर : शाहगंज कोतवाली पुलिस ने बढ़ौना गांव में गत 25 अगस्त की शाम चाकू मारकर दोस्त की हत्या किए जाने के मामले में नामजद आरोपित को गुरुवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है। उक्त गांव निवासी सतीश कुमार अपने दोस्त के साथ पोखरे पर शौच के लिए गया था। वहीं आरोप है कि उसके साथी प्रवेश ने चाकू मारकर सतीश को लहूलुहान कर भाग गया। गंभीर रूप से घायल सतीश कुमार को उपचार के लिए निजी नर्सिंग होम ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। कोतवाली पुलिस ने मृतक के पिता सुभाष चंद्र की तहरीर पर नामजद मुकदमा पंजीकृत कर के मामले की छानबीन में जुटी रही। पुलिस ने गुरुवार की सुबह मुखबिर की सूचना पर आरोपित प्रवेश निवासी बढ़ौना को गन्ना कृषक महाविद्यालय पक्खनपुर के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने बढ़ौना गांव स्थित धान के खेत में छिपाए गए हत्या में प्रयुक्त चाकू को बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपित का चालान कर दिया। पुलिस के अनुसार आरोपित ने पूछताछ के दौरान बताया कि उसकी पत्नी मायके में रह रही थी। इस बात को लेकर सतीश अक्सर उसके साथ मजाक किया करता था। यह बात उस को नागवार गुजर रही थी। घटना से एक दिन पहले मृतक ने उसकी पिटाई भी की थी। इसी से खिन्न होकर उसने सुनियोजित ढंग से उसे मौत के घाट उतार दिया।