सड़क हादसे में एक मासूम बालक की मौत , चाचा घायल
https://www.shirazehind.com/2021/02/blog-post_590.html
जौनपुर। सोमवार को दोपहर जरौना रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार बालक की मौत हो गई और उसका चाचा घायल हो गया।
मीरगंज थाना क्षेत्र के करियांव गांव निवासी अनुसूचित जाति का नंदू गौतम पेश से राजगीर है। वह आमदिनों की तरह काम पर गए थे। दोपहर उनका पुत्र अजय कुमार (9) अपने चाचा मन्नू के साथ बाइक पर बैठकर पिता को खाना पहुंचाने जा रहा था। जरौना-गोधना मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रहे ट्रैक्टर की चपेट में आने से चाचा-भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए। स्वजन व आसपास के लोग दोनों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मछलीशहर ले गए। डाक्टरों ने अजय को मृत घोषित कर दिया। मन्नू का उपचार चल रहा है। मृत अजय दो भाइयों में छोटा और चौथी कक्षा का छात्र था। अजय के मौत की खबर आते ही घर में कोहराम मच गया। मां चमेला देवी, दादा-दादी व अन्य स्वजनों के करुण क्रंदन से पूरे गांव का माहौल बोझिल हो गया है। थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश राय ने बताया कि ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है।

