जानिए भाजपाइयों को थाने में क्यों पढ़ना पड़ा हनुमान चालीसा का पाठ , चोब सिंह बने संकट मोचन
https://www.shirazehind.com/2021/07/blog-post_69.html
जौनपुर। अपनी ही सरकार में एक दारोगा के स्थानांतरण की मांग को लेकर भाजपा कार्यकर्ता मंगलवार को बदलापुर थाने में धरने पर बैठ गए। पार्टी के अनुसूचित मोर्चा के जिला इकाई के महामंत्री साहब लाल चौधरी संग दुर्व्यवहार किए जाने से आक्रोशित भाजपा कार्यकर्ताओं ने थाना परिसर में धरना के दौरान हनुमान चालीसा का पाठ भी किया। सीओ चोब सिंह के आगामी रविवार को पंचायत के माध्यम से विवाद सुलझाने के आश्वासन पर चार घंटे बाद धरना समाप्त हुआ।
कस्बे के भलुआहीं निवासी साहब लाल चौधरी का पड़ोसी अमरनाथ चौधरी से लंबे समय से भूमि विवाद चला आ रहा है। मंगलवार को साहब लाल निर्माण कार्य करा रहे थे। विपक्षी ने कार्य रोक दिया। सूचना पर पहुंचे यूपी-112 के पुलिसकर्मी दोनों पक्षों को थाने ले आए। आरोप है कि निरीक्षक (क्राइम) हरिनाथ भारती व एसआइ कश्यप कुमार सिंह ने दोनों पक्षों को थाने में बैठने की बात कहते हुए दुर्व्यवहार कर मोबाइल फोन कब्जे में ले लिया। इसकी जानकारी होते ही भाजपा कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए। देखते ही देखते थाने में भाजपा कार्यकर्ताओं का जमावड़ा हो गया। उन्होंने दारोगा पर साहब लाल चौधरी को अपशब्द कहने और दलालों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को परेशान करने का आरोप लगाया। वे इंस्पेक्टर (क्राइम) के निलंबन, एसआइ के स्थानांतरण व थाने के गेट पर दलालों का प्रवेश वर्जित बोर्ड लगाने की मांग करते हुए धरना पर बैठ गए।
सीओ चोब सिंह व थान प्रभारी निरीक्षक पवन कुमार उपाध्याय के समझाने और रविवार को जरिए पंचायत विवाद का समाधान करने के आश्वासन पर चार घंटे बाद धरना समाप्त कर दिया। धरना देने वालों में पंकज मिश्र, मंडल अध्यक्ष विनोद शर्मा, अनिल सिंह, जय कुमार सिंह, सत्यम सिंह, बलवीर गौड़, विनोद मौर्य आदि रहे।