एसबीआई के दो ग्राहकों के खाते से जालसाज़ों ने उड़ाए 3.66 लाख रुपये
https://www.shirazehind.com/2021/10/366.html
जौनपुर। एसबीआई बजरंग नगर बाजार शाखा के दो ग्राहकों के खाते से जालसाजों ने 3.66 लाख रुपये उड़ा लिया। दोनों को इसकी जानकारी तब हुई जब वे खाते से रुपये निकालने गए। भुक्तभोगियों ने शाखा प्रबंधक को लिखित सूचना दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ितों ने चंदवक थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
लेवरुआ गांव निवासी राजीव कुमार सिंह व रतन सिंह ने उक्त बैंक शाखा में खाता खोल रखा है। राजीव कुमार सिंह की तहरीर के मुताबिक गत 26 अक्टूबर को वह खाते से रुपये निकालने गए तो धोखाधड़ी का पता चलते ही उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। उनके खाते से 24, 25 व 26 अक्टूबर को क्रमश: 12 बार में 2,70,900 रुपये जालसाजों ने निकाल लिया।
रतन सिंह की तहरीर के अनुसार उनके बैंक खाते से 12 व 13 अक्टूबर को पांच बार में 95,700 जालसाजों ने उड़़ा लिया। खाताधारकों का आरोप है कि उन्होंने तुरंत इसकी शिकायत शाखा प्रबंधक से लिखित रूप से की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह का कहना है कि तहरीर मिली है। मामले की छानबीन कराई जा रही है।