तालाब से गेंद निकालने के चक्कर में डूब मासूम अंश
https://www.shirazehind.com/2022/02/blog-post_246.html
जौनपुर। मीरगंज थाना क्षेत्र के करियांव गांव में खेलते समय तालाब में चली गई गेंद निकालने के चक्कर में डूब जाने से बालक की मौत हो गई। यह दुखद हादसा शुक्रवार की शाम हुआ। इससे शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। स्वजन के करुण-क्रंदन से पूरे गांव का माहौल बोझिल हो गया है।
करियांव गांव में निवासी चंदन सिंह रोजी-रोटी कमाने की गरज से सपरिवार मुंबई रहते हैं। भाई अनुज सिंह की शादी में शामिल होने के लिए चंदन सिंह कुछ दिनों पूर्व पत्नी रूबी सिंह, आठ वर्षीय पुत्र अंश और तीन वर्ष की पुत्री प्राक्षी को लेकर गांव आए थे। गुरुवार को अंश पिता के साथ चाचा की बरात में वाराणसी गया था। शुक्रवार को लौटने के बाद शाम को गांव के बच्चों के साथ घर से कुछ दूरी पर खेल रहा था। इसी दौरान गेंद तालाब में चली गई। गेंद निकालने के लिए अंश तालाब में उतरा तो डूब गया। साथ खेल रहे बच्चे घबरा उठे।
उन्होंने घर जाकर जानकारी दी। परिजन मौके पर पहुंचे और खोजबीन कर तालाब से अंश को निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मौत का पता चलते ही घर में कोहराम मच गया। हंसी-खुशी का माहौल अचानक मातम में तब्दील हो गया। मां रूबी सिंह रोते-रोते बार-बार बेसुध हो जा रही हैं। परिवार के अन्य लोगों की भी आंखों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।