मृतक पत्रकार आशुतोष श्रीवास्तव के परिजनों ने पुलिस पर लगाया गम्भीर आरोप
मृत आशुतोष की भाभी डाली श्रीवास्तव ने बताया कि आज मेरा भाई सुबह जलपान करने के बाद बाहर जाने लगा। जब मैं खाने की बात कही तो उसने कहा कि लौटकर आते हैं तो भोजन करेंगे। दो दिन पहले उसने घर में चर्चा करते हुये बताया कि मुझे कोतवाली पुलिस ने बुलाया और कहा कि तुम घर में ही रहो। बाहर मत निकालो, नहीं तो तुम्हारी हत्या हो जाएगी। तब मेरे भाई ने पुलिस से कहा कि मैं एक पत्रकार हूं। बाहर समाज में नहीं जाऊंगा तो मेरा काम कैसे होगा? रही सवाल मेरी हत्या की तो उसके लिये आप पुलिस वाले हैं। मेरी सुरक्षा का बन्दोबस्त कर दीजिये।
आशुतोष की मौत से पत्रकारों में भड़का आक्रोश
जलालपुर, जौनपुर। पत्रकार आशुतोष श्रीवास्तव की गोली मारकर की गयी निर्मम हत्या का विरोध करते हुये पूरा पत्रकार जगत मर्माहत है। जलालपुर बाजार में शोकसभा पत्रकार प्रेस क्लब के प्रदेश सचिव पंकज भूषण मिश्र की अध्यक्षता में हुई जहां उपस्थित पत्रकारों ने उक्त घटना पर शोक संवेदना व्यक्त करते हुये तत्काल बदमाशों को गिरफ्तार करने की मांग किया। साथ ही कहा कि निष्पक्ष पत्रकारिता से पत्रकार खतरे में होता है। उनकी सुरक्षा व्यवस्था और शस्त्र लाइसेंस शासन-प्रशासन द्वारा दी जाय। शोकसभा में प्रदीप सिंह, गुलजार अली, कमलेश यादव, रामाज्ञा यादव, जहीर अहमद, राजकुमार सहित तमाम लोग उपस्थित रहे जिन्होंने दो मिनट का मौन धारण करके शोक जताया।
बदलापुर के पत्रकारों ने जताया आक्रोश
बदलापुर के निरीक्षण भवन में अध्यक्ष अर्जुन शर्मा के नेतृत्व में शोकसभा हुई जहां मृतक के आत्मा की शांति एवं परिवार को यह सदमा बर्दाश्त करने की हिम्मत देने के लिए दो मिनट मौन धारण कर ईश्वर से प्रार्थना किया गया। श्री शर्मा ने कहा कि पत्रकार की हत्या प्रशासन के नकारापन को उजागर कर रहा है। आशुतोष श्रीवास्तव के प्रार्थना पत्र देने के बावजूद भी सीओ एवं कोतवाली द्वारा घोर लापरवाही बरती गयी। शोकसभा का संचालन सचिव शशि जायसवाल ने किया। शोकसभा में अखिलेश यादव, दिलशाद अहमद, राजकमल मिश्रा, अमित पाण्डेय, सत्यम मिश्रा, टिंकू यादव, ओंकारनाथ मिश्रा, अभिनय सिंह, विक्की सिंह, महेन्द्र दुबे, रमाकांत यादव, पवन सोनी, रतन लाल आर्य, सूरज जायसवाल सहित तमाम पत्रकार मौजूद रहे।
ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन केराकत इकाई आक्रोशित
केराकत, जौनपुर। आशुतोष की हत्या को लेकर सोमवार को ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के केराकत तहसील ईकाई की बैठक जिला पंचायत सदस्य के प्रतिनिधि पप्पू सरोज के आवास पर हुई जहां जिसमें पत्रकार की सुनियोजित हत्या और पुलिस की लापरवाही पर रोष प्रकट किया गया। पत्रकारों ने कहा कि आशुतोष श्रीवास्तव भू माफियाओं, गोकशी जैसे गंभीर अपराधों में लिप्त लोगों के खिलाफ समय—समय पर अपनी आवाज उठाते रहते थे जिसके चलते बदमाशों ने उनकी दिन दहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। पत्रकारों ने कहा कि आशुतोष ने पुलिस से अपने जानमाल के रक्षा की गुहार लगाई थी लेकिन पुलिस ने गंभीरता से नहीं लिया। बैठक में एसोसिएशन के तहसील अध्यक्ष संजय शुक्ल सहित रामसरन यादव, पंकज सिंह, अरविन्द यादव, प्रीतेश सिंह, केके वर्मा, पप्पू सरोज, नवीन सिंह, पंकज राय आदि मौजूद रहे। बैठक की अध्यक्षता संरक्षक दीप नारायण सिंह और संचालन मीडिया प्रभारी विनोद कुमार ने किया।
जौनपुर पत्रकार संघ ने जताया दुख
जौनपुर। शाहगंज में पत्रकार की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या किए जाने से जौनपुर पत्रकार संघ मर्माहत है। अध्यक्ष शशिमोहन सिंह क्षेम ने मृतक के घर जाकर परिजन को सांत्वना दिया। साथ ही कहा कि सरकार से मांग करते हैं कि जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की जाय। इस दुख की घड़ी में हमारा संगठन परिजन के साथ खड़ा है। इसके बाद संघ के पदाधिकारीगण पोस्टमार्टम हाउस भी गये। इस मौके पर महामंत्री डा. मधुकर तिवारी, राम दयाल द्विवेदी, चन्द्र प्रकाश शुक्ला, राजेश मौर्या, देवी सिंह समेत तमाम लोग मौजूद रहे।

