छेड़खानी का विरोध करने पर दबंगों ने मां-बेटे को किया घायल
https://www.shirazehind.com/2024/09/blog-post_280.html
जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के गैरवाह-शाहापुर गांव में स्कूल जा रही छात्रा से छेड़खानी करने का विरोध करने पर दबंगों ने मां बेटे को पीटकर घायल कर दिया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस मुकदमा पंजीकृत कर अग्रिम कार्रवाई कर रही है। मामले में छात्रा की मां द्वारा दी गई तहरीर में बताया गया है कि उसकी बेटी के स्कूल आते-जाते समय गांव के हीं दबंग युवक उसके साथ छेड़खानी करते हैं। मनचलों से परेशान होकर जब लड़की घर वालों को सारी बात बताई तो मेरा लड़का अंगद शर्मा उन लोगो से पूछने गया तो दबंगों ने मिलकर मेरे लड़के को गाली देते हुए उसकी पिटाई शुरू कर दी। शोर—गुल सुनकर जब मां-बेटी बीच बचाव करने पहुंची तो लोगों ने उनकी भी पिटाई कर दी। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने गैरवाह-शाहापुर निवासी आरोपित मोहित, रोहित पुत्रगण दयाराम, वैभव विश्वकर्मा पुत्र पिन्टू व आकश वर्मा पुत्र चन्द्रशेखर वर्मा के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 352, 351(3) व धारा 7 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है। इस बाबत पूछे जाने पर थानाध्यक्ष अरविंद सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

