मिलावटी समान बेचने वालो की खैर नही : डीएम
https://www.shirazehind.com/2024/10/blog-post_614.html
जौनपुर। जिलाधिकारी डॉ0 दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में आगामी त्योहारों के दृष्टिगत जिला शांति समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में हुई जहां उन्होंने निर्देश दिया कि आगामी त्योहारों के दृष्टिगत लोगों की सुरक्षा के साथ ही महिला सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाय। त्योहारों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनी रहे। घाटों पर मरम्मत और साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाय। गोवर्धन पूजा पर कान्हा स्थल एवं निराश्रित गौ-आश्रय स्थलों पर गौ पूजन की जाएगी। लोग स्वेच्छा से भूसा सहित अन्य सामग्री दान कर पुनीत कार्यों में अपना सहयोग अवश्य प्रदान करें। साथ ही जिलाधिकारी ने शांति समिति के सदस्यों से छठ पूजा के दृष्टिगत मंदिरों, तालाबों आदि के संबंध में जानकारी लेते हुये निर्देशित किया कि घाटों की साफ सफाई, मरम्मत, प्रकाश, पानी आदि की व्यवस्था पूर्व में ही सुनिश्चित कर ली जाय।इस मौके पर व्यापार मंडल के सदस्यों को निर्देशित किया कि खाद्य सामग्री में मिलावट किसी भी दशा में नहीं होना चाहिये। इस संबंध में मुख्यमंत्री द्वारा भी सख्त निर्देश दिये गये कि मिलावट मिलने पर कड़ी कार्यवाही की जाए और अधिकारियों को निर्देशित किया कि व्यापारियों को अनावश्यक परेशान न किया जाय जिससे उनका व्यापार प्रभावित हो। आबादी वाले क्षेत्र में पटाखों की बिक्री कदापि नहीं होनी चाहिए, इस पर विशेष निगरानी रखी जाय।
पुलिस अधीक्षक डॉ0 अजय पाल शर्मा ने बताया कि पुलिस प्रशासन द्वारा सभी प्रकार की आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई है। आयोजन के दौरान डीजे की ध्वनि मानक के अनुरुप बजाई जाय। उन्होंने सख्त निर्देश दिया कि कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वालों पर कड़ी कार्यवाही की जायेगी। शहर में अवैध रुप से गोदामों में पटाखों का भंडारण नहीं होना चाहिए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ0 अजयपाल शर्मा, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राम अक्षयवर चौहान, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 लक्ष्मी सिंह, नगर मजिस्ट्रेट इन्द्र नंदन सिंह, उपजिलाधिकारीगण, क्षेत्राधिकारीगण सहित शान्ति समिति के सदस्य इन्दू सिंह, विमल सिंह, विवेक सिंह, सुजीत जायसवाल, कपिलदेव मौर्य, शम्भू सिंह, विधु प्रकाश शुक्ला, जगदम्बा प्रसाद पाण्डेय सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।