शाहगंज कोतवाल लाइन हाज़िर, तीन थानेदार हुए इधर से उधर
जौनपुर। शाहगंज कोतवाली में उचक्कागीरी के आरोपित मटरू बिंद की हिरासत में मौत के मामले में आखिरकार प्रभारी एसआइ रोहित मिश्र पर गाज गिर ही गई। एसपी डा. अजय पाल शर्मा ने द्वारा किए गए फेरबदल में रोहित मिश्र को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया। इसी के साथ ही तीन और थानेदारों को इधर से उधर कर दिया। एक एसआइ का. रुतबा बढ़ाकर थानाध्यक्ष बना दिया।
जिला स्तरीय पुलिस स्थापना समिति के सदस्यों से विचार-विमर्श के पश्चात. खेतासराय थाना प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह को शाहगंज कोतवाली का प्रभारी निरीक्षक, सुजानगंज थाना प्रभारी निरीक्षक घनानंद त्रिपाठी को जलालपुर थाना प्रभारी निरीक्षक तैनात कर दिया। थानाध्यक्ष जलालपुर एसआइ रामाश्रय राय को थानाध्यक्ष खेतासराय व शहर कोतवाली में तैनात एसआइ राजीव कुमार मल्ल को थानाध्यक्ष सुजानगंज बना दिया। एएसपी (ग्रामीण) शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि यह फेरबदल जिला पुलिस प्रशासन को और चुस्त-दुरुस्त बनाने की मंशा से किया गया है।
बता दें, शाहगंज कोतवाली पुलिस ने गत 18 अक्टूबर को बड़ौना निवासी 50 वर्षीय मटरू बिंद को उचक्कागीरी के आरोप में हिरासत में लिया था। पूछताछ के दौरान अगले दिन 19 अक्टूबर की सुबह शौच जाने के बहाने मटरू बिंद ने कोतवाली के शौचालय में नायलान की रस्सी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। जिलाधिकारी डा. दिनेश चंद्र ने घटना की मजिस्ट्रियल जांच उसी दिन एसडीएम शाहगंज राजेश कुमार चौरसिया को वहीं घटना के दूसरे दिन एसपी डा. अजय पाल शर्मा ने विभागीय जांच एएसपी (सिटी) अरविंद कुमार वर्मा को सौंप दी थी।
मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी मटरू बिंद की पुलिस हिरासत में मौत को बड़ा मोहरा बनाकर प्रदेश सरकार व जिला प्रशासन की लगातार घेराबंदी किए हुए है।
