पूर्वांचल विश्वविद्यालय में छात्रों का शैक्षिक भ्रमण: उच्च शिक्षा के विविध आयामों से हुए रूबरू
https://www.shirazehind.com/2024/11/blog-post_105.html
जौनपुर।राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, उत्तरगावाँ, धर्मापुर के छात्रों ने मंगलवार को पूर्वांचल विश्वविद्यालय का शैक्षिक दौरा किया। इस यात्रा का उद्देश्य छात्रों को उच्च शिक्षा के विभिन्न आयामों से परिचित कराना और उनके बौद्धिक विकास को बढ़ावा देना था।
दौरे के दौरान छात्रों ने विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभागों का अवलोकन किया, जहाँ उन्हें अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं और विशाल पुस्तकालय का अनुभव प्राप्त हुआ। छात्रों ने विश्वविद्यालय के प्रोफेसरों से मुलाकात की, जिन्होंने उन्हें उच्च शिक्षा के महत्व और करियर के विविध विकल्पों के बारे में विस्तार से बताया। प्रोफेसरों ने छात्रों को उनके भविष्य के लिए प्रेरित करते हुए सही दिशा में मार्गदर्शन दिया।
इस शैक्षिक यात्रा में प्रधानाचार्य डॉ. रवींद्र नाथ के साथ सहायक अध्यापिका श्रीमती ज़ैनब, सरिता कुमारी, अंजली बाला, अनीता गुप्ता और कनिष्ठ लिपिक मनोज उपाध्याय भी उपस्थित रहे। प्रधानाचार्य ने इस भ्रमण को छात्रों के बौद्धिक विकास में सहायक बताते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

