सुधाकर तिवारी ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना
कांग्रेस संगठन सृजन अभियान के तहत बैठक आयोजित
जौनपुर। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार चलाए जा रहे संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत अखिल भारतीय कांग्रेस द्वारा नियुक्त समन्वयक सुधाकर तिवारी ने शहर कांग्रेस कमेटी एवं सभी फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारियों के साथ बैठक की।उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार की नीतियों से देश का हर वर्ग—किसान, मजदूर, नौजवान, छोटे व्यापारी, नौकरीपेशा, डॉक्टर, इंजीनियर, अध्यापक, शोधकर्ता और महिलाएं—हताश और निराश हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता को हर स्तर पर सरकारी मशीनरी द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा है और देश की आंतरिक सुरक्षा भी खतरे में है।
तिवारी ने पुलवामा हमले से लेकर रफाल डील और हालिया 'ऑपरेशन सिंदूर' तक कई मुद्दों पर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि पुलवामा हमले के आरोपी डीएसपी देवेंद्र सिंह के खिलाफ सरकार ने कोई कार्यवाही नहीं की, और हाल में पहलगाम में हुए कथित आतंकी हमले में 27 जवानों की मौत के बावजूद सरकार आज तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सकी है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि 'ऑपरेशन सिंदूर' को लेकर सरकार ने देश की जनता को गुमराह किया, जबकि पाकिस्तान को हमले की पूर्व सूचना दिए जाने जैसी दुर्भाग्यपूर्ण बातें सामने आईं हैं। रफाल सौदे पर भी उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि मनमोहन सरकार द्वारा तय की गई कीमत की तुलना में तीन गुना मूल्य पर कम संख्या में विमान खरीदे गए।
इस अवसर पर कांग्रेस के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे जिनमें शाहनवाज मंजूर, शशांक शेखर तिवारी, रिंकू पंडित, गौरव कुशवाहा, यशस्वी सिंह (जिला अध्यक्ष, एनएसयूआई), अमन सिंह (शहर अध्यक्ष), शाफिकर रहमान, अबुजर शेख, बिलाल नदीम, मोहम्मद ताहिर, अभिनव सिंह, बालूराम, अबू तालिब, रोहित सोनकर, सुभाष मौर्य आदि प्रमुख रूप से शामिल थे।