निर्माण कार्य को लेकर विवाद: शिक्षक अश्वनी सिंह ने संघ पदाधिकारियों पर लगाया दबाव बनाने का आरोप
जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के रामरायपट्टी शिवापार गांव में निर्माण कार्य को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। प्राथमिक शिक्षक एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के पौत्र अश्वनी कुमार सिंह ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि वे उनके निजी निर्माण कार्य में बाधा पहुँचा रहे हैं।
अश्वनी कुमार सिंह का कहना है कि वे माधव संघ भवन के सामने अपने निजी भू-खण्ड पर आवासीय मकान का निर्माण करवा रहे हैं। साथ ही जल संरक्षण के उद्देश्य से अपनी भूमि पर वाटर हार्वेस्टिंग टैंक भी बनवा रहे थे। लेकिन, अश्वनी के अनुसार, संघ पदाधिकारियों ने अपने प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए पुलिस प्रशासन से संपर्क कर उनका कार्य रुकवा दिया।
इस पूरे प्रकरण का वीडियो अश्वनी सिंह ने फेसबुक पर लाइव प्रसारित किया, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो के बाद शिक्षकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के बीच तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। कुछ शिक्षकों ने अश्वनी के साथ एकजुटता दिखाते हुए संघ पदाधिकारियों की आलोचना की है, वहीं कुछ ने अश्वनी के आरोपों को निराधार और भ्रामक बताया है।
अश्वनी कुमार सिंह ने बताया कि उन्होंने फिलहाल सदर एसडीएम के मौखिक निर्देश के आधार पर निर्माण कार्य को रोक दिया है। उन्होंने कहा, "मैं दो दिन और इंतजार करूंगा। यदि एसडीएम आकर पैमाइश कर मामले का समाधान कर देते हैं, तो ठीक है ,अन्यथा मैं पुनः निर्माण कार्य शुरू करा दूंगा।"
फिलहाल प्रशासनिक हस्तक्षेप की प्रतीक्षा की जा रही है। मामला संवेदनशील होता जा रहा है और क्षेत्रीय प्रशासन के लिए यह एक चुनौती बनता नजर आ रहा है।