जौनपुर में यातायात पुलिस का विशेष अभियान: 148 वाहनों का चालान, 5 डग्गामार वाहन सीज
अवैध स्टैण्ड और नियम तोड़ने वालों पर सख्ती, जागरूकता भी फैलाई गई
जौनपुर । यातायात नियमों के उल्लंघन पर अंकुश लगाने और शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा गुरुवार को एक विशेष अभियान चलाया गया। इस सघन चेकिंग अभियान में नियम तोड़ने वाले 148 वाहनों का चालान किया गया, जबकि 30 डग्गामार वाहनों पर कार्रवाई करते हुए उनमें से 5 वाहनों को सीज कर दिया गया।यह अभियान पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी यातायात के पर्यवेक्षण में, तथा यातायात प्रभारी के नेतृत्व में संचालित किया गया।
चेकिंग अभियान का संचालन जेसिज चौराहा, वाजिदपुर तिराहा, पॉलिटेक्निक चौराहा और सिपाह तिराहा जैसे प्रमुख स्थलों पर किया गया, जहां अवैध टैक्सी/बस/रिक्शा स्टैण्ड और डग्गामार वाहनों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई।
अभियान के अंतर्गत न केवल नियम तोड़ने वालों पर जुर्माना लगाया गया, बल्कि आम जनता को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया गया। इस पहल का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना है।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है – नियमों का पालन करें, सुरक्षित यात्रा करें।