सीडीओ ने किया समर कैंप का निरीक्षण, बच्चों की रचनात्मकता से हुए प्रभावित
जौनपुर। मडियाहूं विकास खंड के अंतर्गत कम्पोजिट विद्यालय, कुरनी में चल रहे समर कैंप का बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) ध्रुव खाडिया ने निरीक्षण किया। इस अवसर पर उनके साथ जिला समन्वयक मध्यान्ह भोजन अरुण मौर्य (डीसी-एमडीएम) एवं जिला समन्वयक प्रशिक्षण विशाल पाण्डेय (डीसी-ट्रेनिंग) भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यालय परिसर में चल रही शैक्षिक और सहशैक्षिक गतिविधियों का अवलोकन किया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत विज्ञान प्रयोग, कला प्रदर्शन, समूह चर्चा, योग, मृत्तिका कला और नृत्य जैसे कार्यक्रमों ने सभी को प्रभावित किया। बच्चों का जोश और शिक्षकों की लगन देखकर अधिकारीगण ने प्रशंसा व्यक्त की।
मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाडिया ने कहा,
“इस प्रकार के समर कैंप बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं। पाठ्यक्रम से इतर इन गतिविधियों में बच्चे जीवन कौशल, रचनात्मकता और नेतृत्व जैसी क्षमताएं विकसित करते हैं।”
उन्होंने विद्यालय की प्रधानाध्यापिका श्रीमती श्यामिनी सिंह और उनकी टीम को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी। सीडीओ ने बच्चों से संवाद भी किया और उनकी गतिविधियों में भाग लेकर उनका उत्साह बढ़ाया।
समर कैंप में प्रतिदिन आयोजित होने वाली गतिविधियों में बाल साहित्य, चित्रकला, विज्ञान प्रयोग, योग और नृत्य जैसे सत्र प्रमुख हैं। इस रचनात्मक पहल का उद्देश्य बच्चों को ग्रीष्मावकाश के दौरान शैक्षिक और सामाजिक रूप से सक्रिय बनाए रखना है।
इस अवसर पर ब्लॉक स्तर के शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षकगण, अभिभावक एवं ग्राम समुदाय के सदस्य भी मौजूद रहे। सभी ने विद्यालय में हो रही गतिविधियों की सराहना की और इसे शिक्षा में नवाचार की मिसाल बताया।